रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उत्तरकाशी

Uttarkashi News:यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होते ही स्वास्थ्य केंद्र पर लटका ताला – Health Center Locked Up As Soon As The Doors Of Yamunotri Dham Close

November 29, 2026


मामूली बीमारी के उपचार के लिए लोगों को लगानी पड़ रही 40 से 50 किमी की दौड़

बड़कोट। यमुनोत्री धाम की चारधाम यात्रा समाप्त होते ही जानकीचट्टी स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटक गया है। यात्रा सीजन में तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संचालित होने वाला यह केंद्र ग्रामीणों को सालभर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को मामूली बीमारी के उपचार और दवाइयों के लिए भी 40 से 50 किलोमीटर दूर बड़कोट और नौगांव की दौड़ लगानी पड़ रही है। इससे शीतकालीन यात्रा के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दावों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

सोमेश्वर मंदिर समिति के अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत ने स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से भवन का निर्माण किया गया है। यहां चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती नहीं होने से भवन का लाभ स्थानीय लोगों को नहीं मिल पा रहा है जबकि स्वास्थ्य कर्मियों के रहने के लिए आवासीय व्यवस्था भी उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यमुनोत्री धाम में हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जाती है लेकिन यात्रा समाप्त होते ही स्वास्थ्य केंद्र बंद कर दिया जाता है। इसका खामियाजा जानकीचट्टी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। सामान्य बीमारी या प्राथमिक उपचार के लिए भी लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से जानकीचट्टी स्वास्थ्य केंद्र में नियमित चिकित्सक और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती कर इसे सालभर संचालित करने की मांग की है। उनका कहना है कि सीमांत क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा का स्थायी संचालन बेहद जरूरी है। इधर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रोहित भंडारी ने स्वास्थ्य केंद्र बंद होने की बात पर कहा कि ऐसा नहीं हो सकता है। हालांकि उन्होंने मामले को दिखवाने की बात कही।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X