रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हिसार

Hisar News:मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए गांव-गांव पहुंचेगा कृषि विभाग, 1 दिसंबर तक चलेगा माटी वंदन पखवाड़ा – The Agriculture Department Will Reach Out To Every Village To Improve Soil Health; A ‘mati Vandan Pakhwada’ (soil Tribute Fortnight) Will Be Observed Until December 1st

November 24, 2026


हांसी। खेतों की मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने, रासायनिक खादों पर निर्भरता घटाने और खेती की लागत कम कर मुनाफा बढ़ाने के लिए कृषि विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 1 दिसंबर तक माटी वंदन पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा।

पखवाड़े के दौरान विभाग की टीमें गांव-गांव पहुंचकर किसानों से संवाद करेंगी और उन्हें मिट्टी की सेहत, जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देंगी। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हिसार के उपनिदेशक कार्यालय की ओर से हांसी के एसडीएओ और एसटीओ को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रत्येक गतिविधि की नियमित रिपोर्टिंग करने को कहा गया है।

पखवाड़े के लिए जारी गतिविधियों के कैलेंडर में प्रतिदिन अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए हैं। किसानों को मिट्टी के नमूने लेने की सही विधि, सॉयल हेल्थ कार्ड की उपयोगिता, पीएच, लवणता, जैविक कार्बन और पोषक तत्वों की जानकारी दी जाएगी। मिट्टी की जांच के आधार पर फसलों में खाद और पोषक तत्वों की सही मात्रा निर्धारित करने के बारे में भी समझाया जाएगा।

इसके अलावा हरी खाद, दलहनी फसलों, कंपोस्ट और फसल अवशेषों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। प्राकृतिक एवं जैविक खेती के साथ कृषि आधारित स्वरोजगार के अवसरों पर भी चर्चा होगी। युवाओं और महिलाओं को कृषि उद्यमिता, स्टार्टअप, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और सहकारी संस्थाओं के माध्यम से व्यवसाय शुरू करने की जानकारी दी जाएगी। मिलेट्स, दालों, सरसों, गुड़ और शहद सहित कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग व मार्केटिंग के अवसर भी बताए जाएंगे।

ड्रिप सिंचाई और ड्रोन तकनीक की देंगे जानकारी

अभियान के दौरान किसानों को खेतों में नमी बनाए रखने, ड्रिप व सूक्ष्म सिंचाई, वर्षा जल संचयन तथा जलभराव और लवणीय भूमि की समस्याओं के समाधान बताए जाएंगे। आधुनिक तकनीक के तहत सेंसर, ड्रोन, डिजिटल मिट्टी मानचित्रण और कृषि यंत्रों के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। छोटे किसानों को आधुनिक मशीनें उपलब्ध करवाने में कस्टम हायरिंग सेंटर की भूमिका भी समझाई जाएगी।

:::::::::::::::::माटी वंदन पखवाड़े के तहत गांवों में जागरूकता शिविर लगाकर किसानों को मिट्टी की जांच, सॉयल हेल्थ कार्ड के अनुसार खाद का इस्तेमाल, प्राकृतिक खेती और जल प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। हमारा प्रयास खेती की लागत घटाने और जमीन की उपजाऊ शक्ति बढ़ाने के लिए किसानों को प्रेरित करना है। -डॉ. रविंदर कुमार, एसडीओ, कृषि विभाग, हांसी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X