Azamgarh News:19 घंटे बाद शव के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए परिजन – Family Members Agreed To The Cremation Of The Body After 19 Hours
पवई थाना क्षेत्र के नरवारी गांव में युवक की मौत के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया था। सूचना मिलते ही तीन थानों की फोर्स के साथ ही सीओ लालगंज और सीओ फूलपुर मौके पर पहुंचे।
उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। सोमवार को एसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और 19 घंटे बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए राजी किया।
पवई थाना क्षेत्र के नरवारी गांव निवासी रुदरी बिंद के बेटे रविंद्र की रविवार को मौत हो गई थी। पिता रुदल बिंद ने थानाध्यक्ष पवई को प्रार्थना पत्र देकर हरिमोहन नामक व्यक्ति के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज कर ली थी। वहीं, रविवार को पोस्टमार्टम के बाद रविंद्र का शव घर पहुंचते ही परिजन एक और व्यक्ति विकास यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार न करने पर अड़ गए।
सूचना मिलते ही पवई थाना प्रभारी सच्चिदानंद यादव मौके पर पहुंच गए और परिजनों को समझाने में जुट गए। वहीं, पवई थाने के साथ ही अहरौला थाना और फूलपुर कोतवाली की पुलिस के साथ सीओ फूलपुर भी मौके पर पहुंच गए।
सीओ फूलपुर भूपेश पांडेय और सीओ लालगंज आस्था जायसवाल भी मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे।
परिजनों की यह भी मांग थी कि पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता, मृतक की पत्नी को नौकरी, सुरक्षा के लिए पिस्टल का लाइसेंस और परिवार को जमीन का पट्टा दिया जाए। रातभर मान-मनौव्वल का क्रम चलता रहा, लेकिन परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए।
सोमवार की सुबह एसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को समझाया-बुझाया और आश्वासन दिया कि उनकी जो भी विधि सम्मत मांगें हैं, उन पर विचार किया जाएगा। तब जाकर दोपहर लगभग 12:30 बजे परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए और उन्होंने अपने खेत में ही शव को दफना दिया।
-0 वर्जन
इन लोगों ने मौके पर प्राथमिकी दो और नाम जोड़ने के लिए दिया है। साथ ही इनकी जो अन्य मांगे थी उस पर विचार कर विधि सम्मत कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद यह लोग शव के अंतिम संस्कार को तैयार हो गए। शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया है। मौके पर शांति कायम है। -पंकज श्रीवास्तव, एसपी यातायात।
