Gorakhpur News:स्टंटबाजी में घायल किशोरी के मामले में 14 दिन बाद दर्ज हुई प्राथमिकी – Fir Registered 14 Days Later In Case Of A Teenage Girl Injured While Performing Stunts
भरोहिया। बाइक सवार युवकों की स्टंटबाजी में आठ नवंबर को घायल किशोरी को न्याय के लिए 14 दिनों तक इंतजार करना पड़ा। पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 श्याम नगर में आरोप है कि बाइक सवार तीन युवकों ने पहले 16 वर्षीय किशोरी पर जलता हुआ पटाखा फेंका और फिर उसके पैर पर बाइक चढ़ा दी। हादसे में किशोरी का पैर फ्रैक्चर हो गया। चोट के कारण उसकी स्कूल की परीक्षा भी छूट गई। परिजन की शिकायत के बावजूद मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने घटना की प्राथमिकी दर्ज की।
श्यामनगर निवासी मीनू देवी पत्नी राकेश के मुताबिक, आठ नवंबर की शाम करीब सात बजे उनकी बेटी दीपिका कुमारी घर के पास खड़ी थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और स्टंटबाजी करने लगे। आरोप है कि युवकों ने दीपिका पर जलता हुआ पटाखा फेंक दिया। इसके बाद बाइक उसके पैर पर चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जांच में उसके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। चोट के कारण किशोरी स्कूल की परीक्षा भी नहीं दे सकी। घटना के बाद उसकी मां ने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन प्राथमिकी दर्ज होने में देरी हुई। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पुलिस हरकत में आई और घटना के 14 दिन बाद संदीप, साहुल और मंदीप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी राकेश रोशन ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। युवकों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
