कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को विंध्यधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर स्नान किया और इसके बाद मां के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन पाकर भक्त निहाल हो उठे। मंदिर परिसर दिनभर मां के जयकारों से गूंजता रहा।
मंगला आरती के बाद शुरू हुआ दर्शन-पूजन
भोर में मंगला आरती और श्रृंगार पूजन के बाद मां विंध्यवासिनी के दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में नर-नारी और बच्चे देवी दरबार पहुंचे। श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। घंटा-घड़ियाल, शंख और नगाड़ों की धुन के बीच मां के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
मंदिर में गुड़हल, कमल और गुलाब के फूलों से मां का भव्य श्रृंगार किया गया था। देवी के अलौकिक स्वरूप का दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर की छत पर आसन बिछाकर बैठे साधकों का पूजन-अनुष्ठान भी पूर्णिमा पर जारी रहा।