घाघीडीह जेल में आधी रात को पुलिस का धावा:115 जवानों और 50 अफसरों ने खंगाली बैरक; बंदियों में मचा हड़कंप – Jamshedpur Ghaghidih Central Jail Midnight Raid Police Administration Search Operation
परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित घाघीडीह सेंट्रल जेल में पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार रात सघन छापेमारी अभियान चलाया। रात 11:00 बजे तक चले इस तीन घंटे के अभियान से जेल के बंदियों में हड़कंप मच गया, वहीं जेलकर्मी भी औचक निरीक्षण से परेशान नजर आए। तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने बंदियों के पास से गुटका, खैनी, सिगरेट और माचिस बरामद की।
आला अफसरों के साथ 12 मजिस्ट्रेट, 115 जवान एवं 50 पुलिस अधिकारी
इस संयुक्त छापेमारी अभियान में जिला उपायुक्त, एसएसपी, सिटी एसपी, एसडीओ और 12 मजिस्ट्रेट के साथ करीब 115 जवान तथा 50 पुलिस अधिकारी शामिल थे। टीम ने पूरे जेल परिसर में सुरक्षा मानकों और गतिविधियों की गहन पड़ताल की। सुरक्षाबलों ने लगभग तीन घंटे तक जेल के हर वार्ड और सेल की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान सेल और वार्डों में बंद शहर के कुख्यात अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। टीम ने बंदियों के आवासीय कक्षों, बैरकों, रसोईघर, अस्पताल और अन्य संवेदनशील स्थलों की भी जांच की। बंदियों के निजी सामान और उपयोग की वस्तुओं की भी तलाशी ली गई।
जेल प्रशासन को चौकस रहने के निर्देश
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, प्रवेश व निकास द्वार की व्यवस्था तथा मुलाकातियों की जांच प्रक्रिया की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा व निगरानी से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान के दौरान गुटका, खैनी, सिगरेट और माचिस के अलावा अन्य कोई संदेहास्पद या आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जेल प्रशासन को चौकस रहने को कहा।
अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने का लक्ष्य
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, अनुशासन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लेना था। उन्होंने कहा कि कारा के भीतर किसी भी तरह की अवैध और प्रतिबंधित गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना प्रशासन का प्रमुख लक्ष्य है। उल्लेखनीय है कि घाघीडीह सेंट्रल जेल में कोल्हान प्रमंडल के जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के कई बड़े अपराधी व नक्सली बंद हैं। इन बंदियों के माध्यम से जेल के भीतर से नेटवर्क या अपराध संचालित होने की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं।
