रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उधमपुर

Udhampur News:एसडीएम ने लोगों और व्यापारियों की समस्याएं सुनीं – Jammu Kashmir News

November 24, 2026


किश्तवाड़। पाडर के उपमंडल मजिस्ट्रेट दलजीत परिहार ने गुलाबगढ़ में जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर स्थानीय लोगों और व्यापार संघ के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं और विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दे सुने।

शिविर में विशेष रूप से स्वच्छता व्यवस्था, सड़कों के रखरखाव, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य बुनियादी समस्याओं पर चर्चा की गई। कार्थी-गुलाबगढ़ सड़क के किनारे सफाई व्यवस्था बनाए रखने और आसपास स्वच्छता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

आगामी सर्दियों को देखते हुए दूरदराज के क्षेत्रों में राशन, एलपीजी सिलिंडर तथा खाना पकाने के लिए आवश्यक अन्य वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का मुद्दा भी उठाया गया, ताकि बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर लोगों ने पाडर में स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा सेवाओं से संबंधित समस्याएं भी एसडीएम के समक्ष रखीं। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि लोगों की जायज शिकायतों को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाया जाएगा। उन्होंने लोगों से प्रशासन के साथ सीधा संपर्क बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे उनसे व्यक्तिगत रूप से मिल सकते हैं या सीधे अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इस तरह के शिविरों से जनता और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा तथा समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X