रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
नैनीताल

Nainital News:कंट्रोल रूम में दो सौ से अधिक कैमरे, फिर भी सड़कें जाम – Over Two Hundred Cameras In The Control Room, Yet The Roads Remain Jammed

November 24, 2026


– पुलिस की पैट्रोलिंग यूनिट और सीपीयू भी जाम खुलवाने में फेल

– नो पार्किंग जोन के बोर्ड बने शो पीस, वहीं पार्क हो रहे वाहन

– एसटीएच से लेकर नैनीताल रोड तक नो पार्किंग की धज्जियां उड़ीं

माई सिटी रिपोर्टर

हल्द्वानी। शहर की सड़कों पर अवैध पार्किंग बेलगाम है। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े हो रहे हैं, जाम लग रहा है और पुलिस की पेट्रोलिंग व सीपीयू व्यवस्था को सुधारने में नाकाम नजर आ रहे हैं। डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) के पास सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन आवागमन बाधित कर रहे हैं। कालू सिद्ध मंदिर के सामने से सरस बाजार पार्किंग तक सड़क पर वाहनों का कब्जा रहता है। यहां नो पार्किंग के नियमों की अनदेखी से यातायात प्रभावित होता है। मिनी स्टेडियम के बाहर भी नो पार्किंग का बोर्ड लगा है लेकिन इसके आसपास ही वाहन खड़े दिखाई देते हैं। नैनीताल रोड पर एसबीआई के पास भी यही हाल है।

– –

निकलते हैं अधिकारी फिर भी ध्यान नहीं

शहर के कुछ प्रमुख मार्ग ऐसे हैं जहां से पुलिस-प्रशासन के अधिकारी अक्सर आते-जाते रहते हैं। इसके बावजूद किसी की नजर इस अव्यवस्था पर नहीं पड़ती या शायद अनदेखा कर दिया जाता है। बाजारों में बेतरतीब खड़े वाहनों से जाम की स्थिति और भी बिगड़ जाती है।

—

डिवाइडर पार करती भीड़ लगा देती है कतारें

कालू सिद्ध मंदिर से लेकर मिनी स्टेडियम के बीच सड़क को पैदल पार करने वाले लोगों की वजह से भी कई बार वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। मंदिर या बाजार आने-जाने वाले लोग सड़क के एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए डिवाइडर पार करके निकलते हैं। एक बार में करीब 8-10 लोग एक साथ सड़क पार करते हैं और उस दौरान नैनीताल रोड पर दोनों तरफ का ट्रैफिक थम जाता है। वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। कई बार हादसों का डर भी बना रहता है।

—वर्जन—

प्रमुख मार्गों के अलावा शहर के अन्य इलाकों में बनी अवैध पार्किंग को भी चिह्नित कर विशेष अभियान चलाया जाएगा। बाजारों में बेतरतीब खड़े वाहनों को टो करने और हटवाने का काम पैट्रोलिंग यूनिट करती है। नियमों का उल्लंघन मिलने, नो पार्किंग में वाहन खड़े होने पर कार्रवाई की जाएगी। डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी ट्रैफिक

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X