ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर:अखिलेश का भाजपा पर तंज, बोले-सम्मान देकर और बड़ा अपमान कर दिया, पुलिस पर भी उठाए सवाल – Akhilesh Yadav Takes A Dig At Bjp Over Guard Of Honour To Owaisi In Saharanpur
November 24, 2026

अखिलेश यादव
विस्तार
सहारनपुर में एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी इस विवाद में कूद पड़े हैं।
उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए बिना ओवैसी का नाम लिए भाजपा सरकार पर निशाना साधा और तंज कसते हुए कहा कि सम्मान देने के बाद उसे गलती बताना और भी बड़ा अपमान है। अखिलेश ने इस पूरे प्रकरण को लेकर यूपी पुलिस की कार्रवाई और सरकार के बयानों पर भी सवाल उठाए हैं।
सुना है सहारनपुर में किसी को गलती से सम्मान दे दिया गया है… इसका मतलब भाजपा सरकार ये कह रही है कि हम सोच-समझकर इनको कभी सम्मान नहीं देते, जो हुआ भूल से हुआ। ये कहना तो सम्मान देने के बाद और भी बड़ा अपमान है। दरअसल भाजपा सरकार से गलती ये हुई कि जो संबंध दबा-छिपा था उसका भंडाफोड़ हो गया है। या फिर ये भी हो सकता है कि इनको सम्मान देकर, अप्रत्यक्ष रूप से किसी और का अपमान किया जा रहा हो। बात कोई भी हो लेकिन ये अच्छा नहीं हुआ। दिक़्क़त ये है कि भाजपा सरकार अपने द्वारा दिया गया सम्मान कैसे वापस ले। लगता है कि ’कपड़ों से पहचान लेने का दावा करनेवालों से इस बार बहुत भारी भूल हो गई है।’ दरअसल ये पहचान की गलती नहीं है, चरखी से संबंध की डोरी खुल जाने की गलती है। और ये गलती उस विभाग से हुई है जिससे ख़ुफ़िया जानकारी भी रखने की उम्मीद की जाती है। जो कुछ आँख के सामने है अगर उसमें ही इनसे इतनी भारी भूल हो रही है तो दबी-छुपी बातों में इनकी हालत कितनी ख़राब होगी कहने की ज़रूरत नहीं है। इसमें तो विपक्ष की भी कोई भूमिका नहीं है कि सरकार तुरंत भ्रामक बयान देकर, बड़ी-बड़ी संगीन धाराओं में 4-5 को निरुद्ध और गिरफ़्तार करके जेल भेज दिया जाए। सच तो ये है कि भाजपा सरकार ने पुलिस को झूठे मुक़दमे, फ़र्ज़ी एनकाउंटर, हिरासत में हत्या करने, चुनावी घपलों व वसूली करने के लिए मजबूर करके, पुलिस विभाग को बुरी तरह भ्रष्ट और नाकाम बना दिया है। जनता के सामने ये सवाल है कि नाकाम पुलिस के ख़िलाफ़ वो एफ़आइआर लिखाये भी तो कहाँ? उप्र की सरकार और पुलिस विभाग ने तो चुनाव लड़ने से पहले ही इनकी ज़मानत ज़ब्त कर दी है और बोलती बंद। इस ‘सम्मान रूपी अपमान’ के प्रकरण के बाद हैदराबाद तक में भाजपा के ख़िलाफ़ बहुत आक्रोश फैल गया है। इस बहाने से भाजपा इनकी ये भी बेइज़्ज़ती कर रही है कि आपको कोई पहचानता ही नहीं है। सुना है पीछे बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा है : हम थे जिनके सहारे, वो हुए न हमारे… विशेष टिप्पणी: उप्र पुलिस कह रही है कि इस हास्यास्पद घटना से संबंधित सोशल मीडिया सामग्री इसलिए हटा दी जाए कि उससे उप्र पुलिस की छवि ख़राब हो रही है। ऐसे में जनता पूछ रही है कि ‘छवि’ बची ही कहाँ है जो ख़राब होगी।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 24, 2026
