Kanpur News:पिकअप में लदे एंगल से दबकर किशोर की मौत – Teenager Dies After Being Crushed By Metal Angles Loaded On A Pickup Truck
सरवनखेड़ा (कानपुर देहात)। उन्नाव जिले के पुरवा कस्बे के पास पिकअप में लदी एंगल से दबकर गजनेर थाना क्षेत्र के सैंथा गांव निवासी किशोर की दबकर मौत हो गई। जानकारी पर परिजन शव को घर ले आए और मंगलवार सुबह हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस ने छानबीन की है।
सैंथा गांव निवासी सरवन ने बताया कि चचेरे भाई राजन की डेढ़ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद उनका राजन का बेटा नीरज (15) एक टेंट हाउस में मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। टेंट संचालक के बेटे की बस्ती जिले में टेंट की दुकान है। सोमवार को संचालक भतीजे को पिकअप में बैठाकर कानपुर ले गया था। वहां से उसने बस्ती स्थित दुकान पर बिक्री के लिए दो टन वजन के एंगल खरीद कर पिकअप में लोड कर उन्नाव के लिए निकले थे। रात ढाई बजे संचालक की ओर से उन्नाव जिले के पुरवा कस्बा के पास भतीजे की हादसे में मौत होने की जानकारी दी।
तब वह परिजन के साथ मौके पर पहुंचा तो संचालक ने बताया कि पिकअप में लगी सपोर्ट क्रॉस के ऊपर एंगल लदे थे और नीचे रजाई-गद्दे पड़े थे। रात में भतीजा केबिन से उठकर पीछे बिछी रजाई गद्दे पर सोने के लिए चला गया। पुरवा कस्बे से तीन किलोमीटर पहले पुरवा मौरावां रोड पर झटके से पिकअप के बीच लगा सपोर्ट क्रॉस टूटने से एंगल नीचे गिर गए। इससे पिकअप अनियंत्रित होने पर उसे हादसे की जानकारी हुई। उसने एंगल हटाकर नीरज को बाहर निकाल कर पुरवा के अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया।
परिजन शव को सीधे गांव ले आए। अनहोनी पर नीरज की मां मंजू, भाई रमन, अंकुश, विजय, बहन लक्ष्मी, राधा, नैंसी का रो-रोकर हाल बेहाल है। मंगलवार सुबह मौके पर पहुंचे महाराजपुर निवासी मामा रामकुमार ने हत्या की आशंका जताते हुए डायल 112 पर पुलिस को सूचना दे दी। गजनेर थानाध्यक्ष सनत कुमार ने बताया कि परिजन की मांग पर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई उन्नाव जिले के संबंधित थाना पुलिस की ओर से की जाएगी।
