Hardoi News:एटीएम के बाहर वाहन खड़े होने से रास्ता जाम, बैंकों को व्यवस्था बनाने का आदेश – Vehicles Parked Outside Atms Are Causing Traffic Congestion
बांदा। एटीएम से रुपये निकालने आने वाले ग्राहकों के सड़क पर वाहन खड़े करने से रास्ता जाम होने के मामले में स्थायी लोक अदालत ने बैंकों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा कि जन उपयोगी सेवा के संचालन से आसपास रहने वाले लोगों का आवागमन बाधित नहीं होना चाहिए। इसके लिए संबंधित एटीएम पर गार्ड तैनात करने या अन्य व्यवस्था कर रास्ता सुचारू रखा जाए।
यह आदेश 20 नवंबर 2026 को स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष विवेक कुमार गुप्ता, वरिष्ठ सदस्य डॉ. ब्रह्मदत्त सिंह और सदस्य शिवांगी शुक्ला की पीठ ने पारित किया था। बंगालीपुरा बड़े डाकघर के पास रहने वाले अधिवक्ता शिवकुमार यादव ने मामले में वाद दायर किया था। उनका कहना था कि उनके और मोहल्ले के लोगों के घरों के रास्ते के बगल में एक मकान में एसबीआई और बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम संचालित हैं। ग्राहक सड़क पर वाहन खड़े कर देते हैं। इससे आवागमन बाधित होता है। वाहन हटाने को कहने पर विवाद की स्थिति बनती है। गार्ड की व्यवस्था न होने से रोजाना परेशानी होती है।
वादी ने इसकी शिकायत कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से की लेकिन समाधान न होने पर अदालत की शरण ली। सुनवाई के दौरान बैंकों ने याचिका को पोषणीय न बताते हुए निरस्त करने की मांग की। उनका तर्क था कि एटीएम ग्राहकों की सुविधा के लिए आरबीआई के दिशा-निर्देशों के तहत संचालित हैं। एटीएम कक्ष पट्टे पर दिया गया है। बाहर ग्राहकों की ओर से वाहन खड़े करने और अव्यवस्था फैलाने की जिम्मेदारी बैंक की नहीं बल्कि पुलिस की है। एटीएम संचालक कंपनी हिताची पेमेंट सर्विसेज की ओर से जवाब दाखिल नहीं किया गया।
अदालत ने दोनों पक्षों के तर्क और अभिलेखों का अवलोकन करने के बाद याचिका स्वीकार कर ली। आदेश में कहा कि बैंक प्रबंधन पुलिस और जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था सुचारू रखें। संबंधित एटीएम पर गार्ड तैनात कर या अन्य माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि मार्ग अवरुद्ध न हो और आसपास के लोगों को आवागमन में परेशानी न उठानी पड़े।
