Gonda News:सरकारी खाते में नहीं जमा कराए पंजीकरण शुल्क के 8.18 लाख – Registration Fees Amounting To 8.18 Lakh Were Not Deposited Into The Government Account
गोंडा। जन्म प्रमाणपत्र के पंजीकरण के नाम पर लोगों से जमा कराई गई फीस के 8.18 लाख रुपये सरकारी खाते तक नहीं पहुंचे हैं। पांच साल से सरकारी खजाने में जमा नहीं कराई जा रही इस रकम को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग में हलचल है। सीएमओ एवं अपर जिला रजिस्ट्रार डॉ. संतलाल पटेल ने सभी संबंधित रजिस्ट्रारों और सीएचसी अधीक्षकों से इस रकम का हिसाब तलब किया है। उन्हें 15 दिन के भीतर सरकारी खाते में धनराशि जमा कराने को कहा गया है।
एक नवंबर 2021 से 31 अक्तूबर 2026 तक जन्म-मृत्यु के पंजीकरण के शुल्क के रूप में 8,18,495 रुपये नकद जमा कराए गए हैं। वहीं, ऑनलाइन भुगतान शून्य दर्ज है। अधीक्षकों की ओर से जमा कराई गई यह रकम विभाग के निर्धारित खाते में जमा नहीं हो सकी है। अब संबंधित इकाइयों को पोर्टल पर दर्ज विवरण और संलग्न सूची का मिलान कर वास्तविक देय धनराशि जमा करानी होगी।
रिपोर्ट के अनुसार, कुल रकम में सबसे बड़ा हिस्सा एक वर्ष से अधिक की देरी से जन्म पंजीकरण कराने पर वसूले गए विलंबित शुल्क का है। इस मद में 7,84,462 रुपये दर्ज हैं। 31 दिन से एक वर्ष के भीतर पंजीकरण पर 26,200 रुपये और 21 से 30 दिन के भीतर पंजीकरण पर 6,138 रुपये जमा होने का ब्योरा है। नाम जोड़ने, प्रमाणपत्र की प्रति, खोज और जुर्माने की मद में भी शुल्क लिया गया है।
बभनजोत में सबसे ज्यादा 1.04 लाख रुपये
सीएचसी बभनजोत के नाम सबसे अधिक 1,04,458 रुपये दर्ज हैं। जिला महिला अस्पताल में 85,378 और सीएचसी करनैलगंज में 82,573 रुपये का ब्योरा है। सीएचसी खरगूपुर में 58,232 रुपये, सीएचसी बेलसर में 51,200 रुपये और पीएचसी रुपईडीह में 47,562 रुपये दर्ज हैं।
रकम जमा कराने में शिथिलता मानी जाएगी वित्तीय अनियमितता
संबंधित इकाइयां सूची और पोर्टल का मिलान कर जो भी अधिक धनराशि हो, उसे निर्धारित लेखा शीर्षक में जमा करें। इसके बाद चालान की प्रमाणित छायाप्रति कार्यालय में उपलब्ध करानी होगी। रकम सरकारी खाते में जमा कराने में शिथिलता वित्तीय अनियमितता मानी जाएगी। आगामी जिला स्वास्थ्य समिति और जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में भी इसकी समीक्षा होगी।
– डॉ. संतलाल पटेल, सीएमओ
