Auraiya News:प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ा, 95 से 147 पर एक्यूआई – Pollution Levels Rise Again; Aqi Goes From 95 To 147
बिधूना। कस्बे में एक ओर वायु प्रदूषण का स्तर घटने-बढ़ने से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर खुले में कूड़ा जलाकर वातावरण को प्रदूषित किया जा रहा है। तहसील के पास आईटीआई कॉलेज के बगल में खाली पड़ी जगह पर कूड़े में आग लगे होने से धुआं उठ रहा है।
मंगलवार को पड़ताल के दौरान कूड़े के ढेर से धुआं उठता दिखाई दिया। आसपास फैल रहे धुएं से वातावरण में प्रदूषण बढ़ने की आशंका है। खास बात यह है कि कॉलेज के पास कूड़ा जलने से छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। स्थानीय स्तर पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
सोमवार को एक्यूआई 95 दर्ज किया गया था, जबकि मंगलवार को 52 अंक की बढ़ोतरी के साथ यह 147 पर पहुंच गया। ऐसे में खुले में कूड़ा जलाने से निकलने वाला धुआं चिंता बढ़ाने वाला है। कूड़े में प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थ शामिल होने पर जलने से हानिकारक धुआं निकलता है, जो सांस और आंखों से जुड़ी परेशानियां पैदा कर सकता है।
आईटीआई कॉलेज के पास खाली पड़ी जगह पर कूड़ा जमा होने और उसमें आग लगाए जाने को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। मंगलवार को भी कूड़े के ढेर से धुआं उठता दिखाई दिया। कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को इसी वातावरण से होकर गुजरना पड़ता है। लगातार धुएं के संपर्क में रहने से उनकी सेहत प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. राम पलट सिंह ने बताया कि मंगलवार को एक्यूआई 147, अधिकतम तापमान 27 डिग्री, न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस, हवा की गति आठ किलोमीटर प्रति घंटा और नमी 69 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रदूषण से राहत के बीच लापरवाही बढ़ा सकती है परेशानी एक ओर मौसम में बदलाव के साथ लोग प्रदूषण से राहत की उम्मीद कर रहे हैं।
दूसरी ओर खुले में कूड़ा जलाने जैसी गतिविधियां इस प्रयास को प्रभावित कर सकती हैं। कूड़े से निकलने वाला धुआं आसपास की हवा को दूषित करता है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को अधिक दिक्कत हो सकती है। स्थानीय राजेंद्र सिंह, विपिन, धीरेन्द्र आदि लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद कूड़े के निस्तारण और खुले में आग लगाने पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन और नगर पंचायत से कूड़े के ढेर को हटवाने, नियमित सफाई कराने और खुले में कूड़ा जलाने वालों पर रोक लगाने की मांग की है।
