Saharanpur News:अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत, दो घंटे जाम – Pedestrian Killed After Being Hit By An Unidentified Vehicle; Two-hour Traffic Jam Ensues
गागलहेड़ी। भगवानपुर रोड पर सोमवार देर रात गांव ढाला माजरा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे अलीगढ़ निवासी रियाज (55) की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बड़े वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक ग्रामीणों के जाम लगाए रखने से मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।
सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे भगवानपुर रोड पर गांव ढाला माजरा में शराब के ठेके के सामने रियाज निवासी रोरावर शाहजमाल माबूद नगर कोइल, जिला अलीगढ़ पैदल जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। सूचना पर गागलहेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद ग्रामीणों ने भगवानपुर रोड पर जाम लगा दिया। बड़े वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही के कारण हादसों का खतरा बना रहता है।
उन्होंने बड़े वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग उठाई। करीब दो घंटे तक चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने ग्रामीणों को समझाया और उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। सीओ सदर रविकांत पाराशर ने बताया कि हादसे के बाद भारी वाहनों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। मृतक के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है।
