अकराबाद। नानऊ नहर पुल के पास सोमवार की देर शाम शादी से लौट रहे एक व्यक्ति से बदमाश नकदी और मोबाइल छीनकर ले गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली है। खंडवार गांव निवासी राहुल कुमार ने पुलिस को बताया कि उसके पिता पप्पू सिंह और चाचा सतेंद्र सोमवार की शाम गोपी गांव में रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। शाम करीब सात बजे वह नानऊ नहर पुल के पास रुके, तभी बाइक सवार दो बदमाश उनके चाचा सतेंद्र से 25 हजार रुपये और मोबाइल छीनकर भाग गए। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़ित बताया जा रहा व्यक्ति शराब के नशे में था। घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।