Rampur Bushahar News:शिमला से रियोघाटी के लिए नियमित नहीं चल रही है बस, लोग परेशान – No Regular Bus Service From Shimla To Rio Ghati; People Are Facing Difficulties
बसों के समय पर नहीं पहुंचने से डाक वितरण व्यवस्था भी चरमराई
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)।
शिमला से रियोघाटी के लिए चलने वाली बस नियमित नहीं चल रही है। इस कारण बगाहर, क्यारी और पराली पंचायतों के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से इस रूट पर बसें निर्धारित समयसारिणी के अनुसार नहीं चल रही हैं। कभी बस देरी से पहुंचती है, तो कई बार शिमला से बस भेजी ही नहीं जाती। ग्रामीणों को मजबूरन निजी टैक्सियों में सफर करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों के अनुसार शिमला से सुबह 7:15 बजे और दोपहर एक बजे रियोघाटी के लिए बस चलती है। सुबह की बस नहीं पहुंचने से ग्रामीणों के पास आवागमन का कोई दूसरा सार्वजनिक साधन नहीं रहता। ऐसे में लोगों को निजी टैक्सी के जरिये सफर करना पड़ता है। टैक्सी चालक कोटखाई तक एक सवारी का करीब 500 रुपये किराया वसूलते हैं। इससे ग्रामीणों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। खासकर, रोजाना कामकाज और जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। बस सेवा की अनियमितता का असर डाक वितरण व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। इस बस के माध्यम से छैला, गुम्मा, कोटखाई और क्यारी सहित विभिन्न डाकघरों तक डाक पहुंचाई जाती है। बस समय पर नहीं पहुंचने से जरूरी पत्र और अन्य डाक लोगों तक देरी से पहुंच रही है। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ डाक विभाग का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के अधिकारियों से मांग की है कि शिमला-रियोघाटी बस सेवा को निर्धारित समयसारिणी के अनुसार नियमित चलाया जाए। यदि किसी कारणवश निर्धारित बस भेजना संभव नहीं है तो उसके स्थान पर वैकल्पिक बस की व्यवस्था की जाए, ताकि ग्रामीणों को टैक्सी के महंगे किराये और अन्य परेशानियों से राहत मिल सके।
बसों की कमी से आ रही परेशानी
बसों की कमी से परेशानी आ रही है। बार-बार बसों के खराब होने और आवश्यक कलपुर्जे उपलब्ध नहीं होने के कारण नियमित रूप से बसें भेजने में दिक्कत आ रही हैं। इन समस्याओं के चलते विभिन्न रूटों पर बसों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। – देवराज, अड्डा प्रभारी, शिमला
