छिबरामऊ। मेडिकल स्टोर संचालक ने शराब न पीने को लेकर पत्नी से विवाद के बाद सोमवार देर रात जहरीला पदार्थ खा लिया था। सौ शैया अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
सकरावा थाना क्षेत्र के ग्राम पलाहर निवासी प्रवीण शाक्य (35) मेडिकल स्टोर संचालक थे। सोमवार शाम को दुकान बंद करने के बाद जब वह करीब आठ बजे तक घर नहीं लौटे, तो परिजन को चिंता हुई। इसके बाद उनके छोटे भाई अमन उनकी तलाश में निकले, लेकिन वह मेडिकल स्टोर पर नहीं मिले। काफी खोजबीन के बाद प्रवीण सकरावा के बाहर एक खेत के पास गंभीर अवस्था में पड़े मिले।
भाई अमन उन्हें आनन-फानन में सौ शैया अस्पताल, छिबरामऊ ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष भागमल सिंह ने बताया कि परिजनों व पिता नरेश शाक्य ने बताया कि प्रवीण शराब पीने के आदी थे और ससुराल में शादी को लेकर पत्नी से उनकी कहासुनी हुई थी। दोनों के बीच विवाद हुआ और इसी बात से क्षुब्ध होकर प्रवीण ने जहरीला पदार्थ खा लिया।