रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
तीन महीने में पलटा प्रमोशन का फैसला:169 पशु डॉक्टरों की पदोन्नति निरस्त, वरिष्ठता और आरक्षण पर उठा था विवाद – Promotion Decision Reversed Within Three Months: Promotions Of 169 Veterinary Doctors Cancelled; Dispute Had A
भोपाल

तीन महीने में पलटा प्रमोशन का फैसला:169 पशु डॉक्टरों की पदोन्नति निरस्त, वरिष्ठता और आरक्षण पर उठा था विवाद – Promotion Decision Reversed Within Three Months: Promotions Of 169 Veterinary Doctors Cancelled; Dispute Had A

November 25, 2026


मध्यप्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग में 169 पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञों की पदोन्नति निरस्त कर दी गई है। विभाग ने 13 अगस्त को जारी पदोन्नति आदेश को 24 नवंबर को वापस ले लिया। इस फैसले से उन अधिकारियों को झटका लगा है, जिन्हें विभागीय पदोन्नति समिति की अनुशंसा पर प्रथम श्रेणी के पदों पर पदोन्नति दी गई थी। अब इन अधिकारियों की प्रशासनिक आधार पर नई जगह अस्थायी पदस्थापना की गई है। दरअसल, पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू से ही विवादों में रही। विभाग में 186 रिक्त पदों पर पदोन्नति के लिए 27 जुलाई को विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक हुई थी। इसके बाद 13 अगस्त को 169 अधिकारियों की पदोन्नति के आदेश जारी किए गए। लेकिन आदेश जारी होने के बाद पदोन्नति में वरिष्ठता और आरक्षण के नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे।

186 पदों के लिए 543 अधिकारियों पर विचार का आरोप

सामान्य, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संस्था (सपाक्स) ने पदोन्नति प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से शिकायत की थी। संस्था का आरोप था कि 186 पदों के लिए नियमों के मुताबिक 376 अधिकारियों को ही विचार क्षेत्र में शामिल किया जाना चाहिए था, लेकिन विभाग ने वरिष्ठता सूची में 543वें क्रम तक के अधिकारियों पर विचार किया। करीब 30 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस के आधार पर पदोन्नति प्रक्रिया से बाहर रखने और आरक्षित-अनारक्षित पदों की गणना में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए गए थे। संस्था ने पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की मांग की थी।

पदोन्नति पाने वाले डॉक्टर भी पहुंचे थे हाईकोर्ट

दूसरी तरफ, वेटरनरी डॉक्टर्स एसोसिएशन ने पदोन्नति आदेश निरस्त किए जाने की आशंका जताते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। संगठन की मांग थी कि किसी भी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई से पहले उसका पक्ष सुना जाए। सितंबर में हाईकोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए कहा था कि उस समय सरकार ने पदोन्नति आदेश निरस्त करने का कोई निर्णय नहीं लिया था। केवल आशंका के आधार पर हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता। अदालत ने यह भी कहा था कि भविष्य में कोई प्रतिकूल आदेश जारी होने पर प्रभावित अधिकारी उसे चुनौती दे सकते हैं।

यह भी पढ़ें-भोपाल में गन्ना किसानों पर पुलिस की कार्रवाई: दो बसों में भरकर थाने ले गए, दो दिन से सड़क पर दे रहे थे धरना

अब नई जगह संभालेंगे जिम्मेदारी

24 नवंबर को विभाग ने पदोन्नति आदेश निरस्त करने के साथ अधिकारियों की अस्थायी पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। डॉ. ममता सगर को मंदसौर के गरोठ, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह पेंड्रो को उमरिया के घुनघुटी, डॉ. जगवीर सिंह कनेश को खरगोन के धरगांव और डॉ. लोकेंद्र सिंह चौहान को महेश्वर के चल चिकित्सालय में भेजा गया है। डॉ. नानासिंह अखाड़े को खरगोन के गोगावां, डॉ. कुंवरसिंह भयड़िया को अलीराजपुर के जोबट, डॉ. कन्हैयालाल डामोर को झाबुआ की मोबाइल यूनिट और डॉ. ज्योति मार्को व डॉ. कृति धुर्वे को मंडला के कुक्कुट गर्भाधान प्रशिक्षण संस्थान में पदस्थ किया गया है।इसी तरह डॉ. मानसिंह बामनिया को खरगोन के रोडिया स्थित पशु प्रजनन प्रक्षेत्र, डॉ. सुषमा शेलू को खंडवा के मूंदी, डॉ. कड़वा चौहान को खंडवा के रोग अनुसंधान केंद्र और डॉ. रमेश भूरिया को झाबुआ पशु चिकित्सालय भेजा गया है।

डॉ. लीलाराम सिसोदिया को धार के धरमपुरी, डॉ. नितिन कुमार सीजर को नर्मदापुरम के केसला, डॉ. सुभाष चन्द्र खलना को खरगोन की डीआई लैब, डॉ. रविन्द्र नरें को सिवनी के धनौरा और डॉ. दीपलता माजी को राजगढ़ के मलावर में पदस्थ किया गया है। इसके अलावा डॉ. अमर ज्योति टोप्पो को रायसेन पशु चिकित्सालय, डॉ. प्रतीक्षा को नरसिंहपुर स्थित उपसंचालक कार्यालय और डॉ. कीर्ति को बैतूल के पाढर में जिम्मेदारी दी गई है। सभी अधिकारी आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर काम करेंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X