रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
86 विद्यालय एक शिक्षक के भरोसे:दिसंबर से 85 स्कूलों भी हो जाएंगे एकल, जनगणना ड्यूटी में 80% शिक्षक तैनात – Deployment Of 80 Percent Teachers On Census Duty Will Affect Studies In Uttarakhand
ऊधम सिंह नगर

86 विद्यालय एक शिक्षक के भरोसे:दिसंबर से 85 स्कूलों भी हो जाएंगे एकल, जनगणना ड्यूटी में 80% शिक्षक तैनात – Deployment Of 80 Percent Teachers On Census Duty Will Affect Studies In Uttarakhand

November 25, 2026


जनगणना ड्यूटी में शिक्षकों की तैनाती से सितारगंज विकासखंड की प्रारंभिक शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। एक दिसंबर से जनगणना कार्य शुरू होने के साथ ही 85 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षण कार्य ठप होने की स्थिति बन सकती है। 86 विद्यालयों में पहले से ही एक शिक्षक के सहारे पढ़ाई संचालित हो रही है। जनगणना शुरू होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 171 स्कूलों की जिम्मेदारी एक-एक शिक्षकों पर आ जाएगी।

शिक्षक संघ के मंत्री करुणेश जोशी ने बताया कि 18 नवंबर को शिक्षक संघ ने सीडीओ देवेश शाशनी को ज्ञापन सौंपकर सितारगंज विकासखंड के करीब 80 फीसदी शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी लगाने का मुद्दा उठाया था। संगठन ने बताया था कि सितारगंज विकासखंड में 137 प्राथमिक विद्यालय और 34 उच्च प्राथमिक विद्यालय है। इनमें कुल 477 शिक्षक तैनात है। इनमें से 391 शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी लगा दी गई है। इससे 85 विद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रभावित होने की आशंका बन गई है। इन विद्यालयों की पढ़ाई का जिम्मा भी एक ही शिक्षक को उठाना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि इस पर सीडीओ ने डीईओ (बेसिक) हरेंद्र मिश्रा, तहसीलदार हिमांशु जोशी और बीईओ भानुप्रताप कुशवाहा को प्रत्येक विद्यालय में कम से कम एक नियमित शिक्षक की उपलब्धता कराने के निर्देश दिए थे। जनगणना ड्यूटी के लिए 100 निजी विद्यालयों के शिक्षकों की सूची तहसील प्रशासन को उपलब्ध करा दी गई है। बावजूद इसके अब तक वैकल्पिक कार्मिकों की तैनाती के लिए ठोस पहल नहीं की गई है। संगठन के कोषाध्यक्ष अनुकूल मंडल, शाखा अध्यक्ष दिनेश सिंह, अमित कनौजिया, निरमेंदर, हिमाचल, तापस मिस्त्री, ओमकार सिंह, मनोज मिश्रा, नवीन पांडे, रंजीत सिंह, श्याम सिंह, वीरेंद्र सिंह, ओमपाल सिंह आदि ने छात्रहित में शिक्षकों की ड्यूटी को विद्यालयों की स्थिति के अनुसार तय करने की मांग की है।

ड्यूटी के संबंध में बीईओ को निर्देश जारी किए हैं। बुधवार को शिक्षकों के साथ बैठक की जाएगी। उनके सभी पहलुओं पर चर्चा करने के बाद निजी विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी लगाने के संबंध में फैसला लिया जाएगा। -हिमांशु जोशी, तहसीलदार सितारगंज।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X