Uttarkashi News:मोरी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, कई मकान जले – Major Fire Incident In Pavani Village Of Mori; Several Houses Gutted
उत्तरकाशी। मोरी ब्लॉक की हरकीदून घाटी स्थित पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण अग्निकांड से भारी नुकसान की आशंका है। एक घर में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल हो गई और आसपास के भवनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग से दर्जनों भवनों के जलने की सूचना है। बताया जा रहा है कि इस घटना से 30 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं। गांव में अफरा-तफरी के साथ दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, मोरी तहसील मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर पवाणी गांव में शाम लगभग साढ़े चार बजे एक घर में अचानक आग लग गई। ग्रामीण कुछ समझ पाते और आग पर काबू पाने का प्रयास करते, इससे पहले लपटें आसपास के भवनों तक पहुंच गईं। आग की भयावहता के चलते ग्रामीणों को सामान बचाने तक का मौका नहीं मिल पाया। घरों में रखा खाद्यान्न, बर्तन, गैस सिलिंडर, कपड़े, नकदी और अन्य घरेलू सामान जलने की सूचना है। प्रभावित परिवारों के सामने अब रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। मोरी से पुलिस, राजस्व विभाग और फायर सर्विस की टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया। एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल के लिए भेजी गई है। दुर्गम क्षेत्र में स्थित गांव तक पहुंचने में राहत-बचाव दलों को दो घंटे से अधिक समय लगने की संभावना है। तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही संबंधित टीमों को रवाना कर दिया गया है। टीमों के मौके पर पहुंचने के बाद ही आग से हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन नहीं हो पाया है।
