रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Lakhimpur Kheri News:छिलाई की तैयारी थी, हाथियों ने रौंद दी गन्ने की फसल – Preparations Were Underway For The Harvesting, But Elephants Trampled The Sugarcane Crop
लखीमपुर-खीरी

Lakhimpur Kheri News:छिलाई की तैयारी थी, हाथियों ने रौंद दी गन्ने की फसल – Preparations Were Underway For The Harvesting, But Elephants Trampled The Sugarcane Crop

November 25, 2026


मझगईं। दुधवा नेशनल पार्क के जंगल से भटककर आए हाथियों के झुंड ने मंगलवार रात चौखड़ा फार्म क्षेत्र में करीब छह किसानों की चार एकड़ तैयार गन्ने की फसल रौंद दी। रात करीब 10 बजे हाथियों का झुंड मझगई रेंज के चौखड़ा फार्म स्थित खल्ला गुरुद्वारा के पास पहुंचा और खेतों में घुसकर फसल बर्बाद कर दी। आबादी के पास हाथियों की मौजूदगी से इलाके में हड़कंप मच गया।

हाथियों ने किसान सोमनाथ, सोनी, स्वर्ण सिंह, जगपाल सिंह और कुन्नू समेत अन्य किसानों के खेतों में नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों की सूचना पर डिप्टी रेंजर मनोज यादव वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों और किसानों ने ट्रैक्टरों की तेज आवाज और पटाखे दागकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा।

पीड़ित किसानों ने बताया कि गन्ने की छिलाई के लिए पर्चियां आ गई थीं और वे फसल काटने की तैयारी कर रहे थे। इससे पहले ही हाथियों ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। किसानों ने वन विभाग और पार्क प्रशासन से हाथियों को जंगल में रोकने के पुख्ता इंतजाम करने और बर्बाद फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की है।

वन क्षेत्रीय अधिकारी मझगईं अंकित सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही रात में टीम मौके पर भेजी गई थी। हाथियों से फसल को नुकसान पहुंचा है। क्षति का आकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। जल्द ही किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा।

—–

पलिया में रेलवे लाइन के पास दिखा बाघ, ग्रामीणों में दहशत

पलियाकलां। मोहल्ला बरबंडा बस्ती के किनारे रेलवे लाइन के पास मंगलवार देर शाम ग्रामीणों ने एक बाघ को गन्ने के खेत की ओर जाते देखा। बाघ नजर आते ही ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बाघ की मौजूदगी से क्षेत्र में दहशत है।

बुधवार सुबह डर के कारण ग्रामीण खेतों की ओर जाने से कतराते रहे। पशुओं के लिए चारा लेने भी लोग खेतों पर नहीं गए। ग्रामीणों को आशंका है कि बाघ आबादी वाले क्षेत्र में न घुस आए।

पलिया रेंजर विनय कुमार सिंह और डिप्टी रेंजर सूरत सिंह बिष्ट ने बताया कि उन्हें अभी तक घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। एहतियात के तौर पर मौके पर वन विभाग की टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X