रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:इंतजार खत्म, 20 साल बाद दारुल उलूम की नई लाइब्रेरी में सजीं ऐतिहासिक पुस्तकें – The Wait Is Over After 20 Years Historical Books Have Been Placed In Darul Uloom New Library

November 25, 2026


देवबंद(सहारनपुर)। करीब दो दशक का लंबा इंतजार अब खत्म हो गया। इस्लामी तालीम के केंद्र दारुल उलूम की नई लाइब्रेरी में ऐतिहासिक और दुर्लभ पुस्तकों को सजाने का काम शुरू हो गया है। पुरानी लाइब्रेरी में पीढ़ियों से संजोकर रखे गए ज्ञान के इस अनमोल खजाने को अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई इमारत में स्थानांतरित किया जा रहा है। खास बात यह है कि पुस्तकों को नई लाइब्रेरी में पहुंचाने से पहले उनकी स्कैनिंग की जा रही है, ताकि इस ऐतिहासिक साहित्य को डिजिटल स्वरूप में भी सुरक्षित रखा जा सके।

दारुल उलूम में नई लाइब्रेरी के निर्माण की शुरुआत वर्ष 2006 में हुई थी। करीब 21 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार हो रही सात मंजिला गोलाकार इमारत की चौथी मंजिल पर लाइब्रेरी बनाई गई है। लगभग दो लाख 62 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में निर्मित इस विशाल इमारत में लाइब्रेरी को विशेष रूप से व्यवस्थित किया गया है। यहां पुस्तकों को सुरक्षित रखने और पाठकों के अध्ययन के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित की जा रही है।

नई लाइब्रेरी में पुस्तकों को व्यवस्थित ढंग से रखने के लिए लोहे की आधुनिक फोल्डिंग रैक लगाई गई हैं। लाइब्रेरी इंचार्ज मौलाना शफीक ने बताया कि इन पुस्तकों को सीधे स्थानांतरित करने के बजाय पहले स्कैन किया जा रहा है। इसके बाद उन्हें नई लाइब्रेरी में निर्धारित स्थान पर बेहद सलीके से रखा जा रहा है। पुस्तकों को एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक पहुंचाने के लिए इमारत में चारों ओर लिफ्ट की व्यवस्था की गई है। इन्हीं लिफ्ट के माध्यम से पुस्तकों को नई लाइब्रेरी तक पहुंचाया जा रहा है।

———

इस वजह से हुई लाइब्रेरी तैयार होने में देरी

वर्ष 2019 में बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने दारुल उलूम की लाइब्रेरी पर कथित तौर पर हेलीपैड बनाए जाने तथा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कार्य कराए जाने की शिकायत मुख्यमंत्री से की थी। जिसके बाद सीएम कार्यालय से मामले की जांच के आदेश हुए थे। तत्कालीन डीएम आलोक कुमार पांडेय व एसएसपी दिनेश कुमार पी. ने इसकी जांच की थी। इसमें हेलीपैड तो बनना नहीं पाया गया, लेकिन बिना अनुमति निर्माण कार्य होना मिला था। जिसमें भवन को लेकर रिपोर्ट मांगी गई थी और कंपाउंडिंग की गई थी। इसमें दारुल उलूम प्रबंधन की ओर से सहयुक्त नियोजक मेरठ कार्यालय के यहां जुर्माना भी जमा कराना पड़ा था।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X