रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
फुटबाॅल :पहली भिड़ंत में भेड़ौरा ने शाहजहांपुर को पछाड़ा – Football: Bhedaura Defeated Shahjahanpur In The First Encounter
लखीमपुर-खीरी

फुटबाॅल :पहली भिड़ंत में भेड़ौरा ने शाहजहांपुर को पछाड़ा – Football: Bhedaura Defeated Shahjahanpur In The First Encounter

November 26, 2026


निघासन। सिंगाही कस्बे में बुधवार को 103वें महारानी सुरथ कुमारी स्टेट फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हो गया। खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा ने फीता काटने के बाद मैदान में फुटबॉल को किक मारकर मैच का आगाज किया। इसके बाद खेले गए पहले मुकाबले में भेड़ौरा स्पोर्टिंग क्लब ने डीएफए शाहजहांपुर को 2-1 से हराया।

कार्यक्रम में पहुंचने पर टूर्नामेंट कमेटी के महामंत्री शिखर तिवारी किशन और चेयरमैन मोहम्मद कय्यूम ने सांसद का माल्यार्पण कर और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। सांसद ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

उद्घाटन मुकाबले में दोनों टीमों ने शुरुआत से ही बेहतर खेल दिखाया। रोमांचक मुकाबले में भेड़ौरा स्पोर्टिंग क्लब ने 2-1 से जीत दर्ज कर अगले दौर की ओर कदम बढ़ाया। मैच देखने के लिए मैदान के चारों ओर बड़ी संख्या में दर्शक जुटे रहे। कमेंट्री दिलशाद मास्टर ने की, जबकि कन्हैया ने रेफरी की भूमिका निभाई।

इस मौके पर टूर्नामेंट कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष विक्रमेंद्र भल्ला ने दर्शकों के बैठने के लिए स्टेप बनवाने की मांग सांसद के सामने रखी। इस पर सांसद ने सांसद निधि से स्टेप बनवाने की घोषणा की।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक आरएस कुशवाहा, सपा नेता चौधरी हिमांशु पटेल, कार्तिक तिवारी, अशोक वर्मा, गुरजीत सिंह बब्बू, उदयभान गुप्ता मौजूद रहे।

——————–

एक दिसंबर को सेमीफाइनल, दो को फाइनल

टूर्नामेंट के महामंत्री शिखर तिवारी किशन ने बताया कि सेमीफाइनल मुकाबला एक दिसंबर को खेला जाएगा। इसमें निघासन विधायक शशांक वर्मा मुख्य अतिथि होंगे। दो दिसंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले में पूर्व सांसद एवं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X