रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
ग्वालियर:बंदियों की जगह फर्जी मरीज भेजने पर हाईकोर्ट सख्त, जेल प्रशासन को लगाई फटकार, डॉक्टर को नोटिस – Gwalior: High Court Rebukes Jail Officials Over Fake Patients Sent To Hospital In Place Of Inmates
ग्वालियर

ग्वालियर:बंदियों की जगह फर्जी मरीज भेजने पर हाईकोर्ट सख्त, जेल प्रशासन को लगाई फटकार, डॉक्टर को नोटिस – Gwalior: High Court Rebukes Jail Officials Over Fake Patients Sent To Hospital In Place Of Inmates

November 26, 2026


मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की खंडपीठ ने ग्वालियर सेंट्रल जेल से बंदियों के स्थान पर अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने के मामले में जेल प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई है। अदालत ने सुनवाई के दौरान सहायक जेल अधीक्षक नरेंद्र कटारे के जवाब को पूरी तरह असत्य करार देते हुए खारिज कर दिया। हाईकोर्ट ने टिप्पणी की कि सहायक जेल अधीक्षक पर्दे के पीछे छिपे उस जिम्मेदार अधिकारी को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके इशारे पर वास्तविक बंदियों को जेल के भीतर रखकर फर्जी व्यक्तियों को अस्पताल भेजा गया। अदालत ने तत्कालीन जेल चिकित्सक डॉ. आशिक अली को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। हाईकोर्ट अगली सुनवाई 26 नवंबर को करेगा।

दोषी अफसर को बचाने की कोशिश, डॉक्टर को नोटिस

हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान ग्वालियर सेंट्रल जेल के उप अधीक्षक रामगोपाल पाल और सहायक जेल अधीक्षक नरेंद्र कटारे व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए। सहायक जेल अधीक्षक नरेंद्र कटारे ने अदालत के सामने दलील दी कि उनकी जिम्मेदारी केवल सुरक्षा बल उपलब्ध कराने के लिए मांग पत्र भेजने तक ही सीमित थी। उन्होंने दावा किया कि बंदियों को अस्पताल भेजने का पूरा दायित्व जेल अधीक्षक और चिकित्सक का था। हालांकि पीठ ने इस दलील को सिरे से नकार दिया। अदालत ने कहा कि यह जवाब सरासर असत्य है और इसके माध्यम से वास्तविक दोषी अधिकारी को संरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के बाद हाईकोर्ट ने तत्कालीन जेल चिकित्सक डॉ. आशिक अली को नोटिस जारी कर उनसे जवाब-तलब किया है।

एम्स में सर्जरी की सलाह और मानदेय की कटौती

यह पूरा मामला तब सामने आया था, जब जयारोग्य अस्पताल के चिकित्सकों ने जेल में बंद बंदी राजवीर को गंभीर स्थिति के कारण सर्जरी कराने के लिए एम्स भेजने का परामर्श दिया था। इस स्पष्ट चिकित्सीय सलाह के बाद भी जेल प्रशासन ने बंदी राजवीर को एम्स नहीं भेजा। जब मामला हाईकोर्ट पहुंचा, तो अदालत ने उप जेलर को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया था। पिछली सुनवाई के दौरान उप जेलर अपने साथ एक प्रहरी को भी अदालत में लेकर आए थे। इस पर गंभीर नाराजगी जताते हुए हाईकोर्ट ने उप जेलर के एक दिन के मानदेय में कटौती करने का आदेश दिया था और कटौती की गई वह राशि संबंधित प्रहरी को देने के निर्देश दिए थे।

दस्तावेज की जांच और मूल रजिस्टर की मांग

अदालत की कार्रवाई के दौरान उप अधीक्षक रामगोपाल पाल ने बताया कि संबंधित समयावधि के दौरान सेंट्रल जेल में डॉ. आशिक अली और डॉ. डीके सागर की तैनाती थी। जेल के विभागीय रिकॉर्ड की गहन पड़ताल करने पर सामने आया कि बंदियों से जुड़े कागजातों पर डॉ. आशिक अली के ही हस्ताक्षर दर्ज हैं। वर्तमान समय में डॉ. आशिक अली खंडवा जिले के शासकीय चिकित्सालय में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि दूसरे चिकित्सक डॉ. डीके सागर ग्वालियर के बिरला नगर स्थित डिस्पेंसरी में कार्यरत हैं। 

हाईकोर्ट ने डॉ. आशिक अली को नोटिस भेजकर पूछा है कि उन्होंने किन परिस्थितियों और कारणों से बंदी राजवीर तथा बंदी प्रदीप को अस्पताल नहीं भेजा। इसके साथ ही युगलपीठ ने उप अधीक्षक रामगोपाल पाल को जेल का मूल रजिस्टर अदालत में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। अदालत इस मूल रिकॉर्ड के माध्यम से यह जांच करेगी कि पुलिस बल मंगवाने के बाद वास्तव में उन्हीं बंदियों को अस्पताल भेजा गया था या उनके स्थान पर अन्य लोगों को रवाना किया गया था।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X