रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sultanpur News:करंट से शिक्षक की पत्नी और युवक की मौत – Teacher’s Wife And A Young Man Die From Electric Shock
सुल्तानपुर

Sultanpur News:करंट से शिक्षक की पत्नी और युवक की मौत – Teacher’s Wife And A Young Man Die From Electric Shock

November 26, 2026


अखंडनगर/जयसिंहपुर। जिले के अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को करंट की चपेट में आने से शिक्षक की पत्नी और एक युवक की मौत हो गई। अखंडनगर के टिकरी गांव में डीजे की मरम्मत करते समय आजमगढ़ जिले के पवई क्षेत्र के हेवती निवासी राम कुमार (38) करंट की चपेट में आ गए। वहीं, जयसिंहपुर के खमपुर गांव में बाथरूम में लगे हैंडपंप में उतरे करंट की चपेट में आने से शिक्षक रामतीर्थ कनौजिया की पत्नी बसंती देवी (48) की मौत हो गई।

आजमगढ़ जिले के पवई क्षेत्र के हेवती निवासी राम कुमार की ससुराल अखंडनगर के टिकरी गांव में है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार भोर करीब चार बजे टिकरी गांव में डीजे की मरम्मत करते समय राम कुमार करंट की चपेट में आकर झुलस गए। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अखंडनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

उधर, जयसिंहपुर के खमपुर निवासी रामतीर्थ कनौजिया की पत्नी बसंती देवी बुधवार सुबह करीब आठ बजे पुराने मकान में बने बाथरूम में स्नान करने गई थीं। बाथरूम में लगे हैंडपंप में टुल्लू पंप भी लगा है। परिजनों के मुताबिक, हैंडपंप छूते ही बसंती देवी करंट की चपेट में आकर गिर पड़ीं। कुछ देर बाद परिजन बाथरूम के पास पहुंचे तो उन्हें जमीन पर बेहोश पड़ा देखा। परिजन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने गांव के बाहर उनका अंतिम संस्कार कर दिया। जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विवेक राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

आजमगढ़ जिले के पवई क्षेत्र के हेवती निवासी राम कुमार करीब 10 साल से अपनी ससुराल अखंडनगर के टिकरी गांव में रह रहे थे। उन्होंने यहां जमीन खरीदी थी, लेकिन मकान नहीं बनवाया था। वह डीजे संचालन, बिजली उपकरणों की दुकान चलाने, उनकी मरम्मत करने और पिकअप चलाने का काम करते थे। उनकी मौत से पत्नी सीमा और दो पुत्र प्रिंस (15) व रतन (12) सदमे में हैं। वहीं, जयसिंहपुर के खमपुर निवासी शिक्षक रामतीर्थ की पत्नी बसंती देवी की मौत से बेटी अंजली (25) और बेटे मनीष (20) व नैतिक (16) भी सदमे में हैं। रामतीर्थ धनपतगंज ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय कनकपुर शिकवा में शिक्षक हैं। (संवाद)

करंट से बचाव के लिए बरतें सावधानी

घर में लगे टुल्लू पंप, हैंडपंप और अन्य बिजली उपकरणों की नियमित जांच कराएं।

बाथरूम और नमी वाली जगहों पर बिजली के तारों को खुला न छोड़ें।

बिजली उपकरणों को छूने से पहले हाथ और पैर अच्छी तरह सुखा लें।

कटे-फटे तारों और खुले जोड़ को तत्काल बदलवाएं।

अर्थिंग और एमसीबी की व्यवस्था दुरुस्त रखें, ताकि करंट उतरने पर बिजली की आपूर्ति स्वत: बंद हो सके।

बिजली उपकरणों की मरम्मत स्वयं करने के बजाय प्रशिक्षित इलेक्ट्रिशियन की मदद लें।

करंट लगने पर पीड़ित को सीधे न छुएं। पहले मुख्य स्विच बंद कर बिजली आपूर्ति काटें।

बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद ही सुरक्षित तरीके से पीड़ित को अलग करें और तत्काल अस्पताल पहुंचाएं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X