Mahendragarh-narnaul News:नियमितीकरण की मांग पर अड़े गेस्ट टीचर्स, विधायक से लगाई न्याय की गुहार – Guest Teachers Remain Firm On Their Demand For Regularization; Seek Justice From The Mla
महेंद्रगढ़। नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे गेस्ट टीचर्स ने सोमवार को विधायक कंवर सिंह यादव को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने विधायक से आगामी विशेष सत्र में उनकी मांग को सदन में उठाने की अपील की। इस पर विधायक ने उनकी आवाज उठाने और उन्हें उनका हक दिलाने के लिए प्रयास करने का भरोसा दिया।
गेस्ट टीचर शैलेंद्र ने बताया कि शिक्षक 23 जून से कुरुक्षेत्र में धरना दे रहे हैं। उनकी मुख्य मांग नियमितीकरण की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में बनाई गई तीन साल की पॉलिसी की सभी शर्तें वे पूरी करते हैं।
इसी पॉलिसी के तहत कॉलेज कैडर के गेस्ट फैकल्टी टीचर्स और अन्य विभागों के कर्मचारियों को नियमित किया जा चुका है लेकिन स्कूलों में कार्यरत गेस्ट टीचर्स की मांग पर अब तक कोई फैसला नहीं लिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जारी स्पीकिंग ऑर्डर भी उनके पक्ष में नहीं हैं। लंबे समय से संघर्ष करने के बावजूद उनकी मांग पूरी नहीं हुई है। शिक्षकों ने विधायक से विशेष सत्र में यह मुद्दा उठाकर सरकार तक उनकी बात पहुंचाने की मांग की।
सीएम और शिक्षा मंत्री से करेंगे मुलाकात
विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि गेस्ट टीचर्स के नियमितीकरण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से मुलाकात की जाएगी। इस दौरान हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लागू करवाने की मांग भी उठाई जाएगी। शिक्षकों का कहना है कि न्यायालयों से उन्हें राहत मिली है, लेकिन आदेशों को अभी तक लागू नहीं किया गया है।
विधायक ने कहा कि वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव से पहले भी गेस्ट टीचर्स को सरकार बनने पर नियमित करने का भरोसा दिया गया था। अब प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने के बाद इस मामले को मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के सामने रखा जाएगा। वहीं, शिक्षकों ने बताया कि कुरुक्षेत्र में उनका धरना लगातार जारी रहेगा। मांगों के समर्थन में 29 नवंबर को रैली भी आयोजित की जाएगी।
