बूंदी:जिला परिषद में कांग्रेस का दबदबा कायम, अब उप जिला प्रमुख पद पर भी जमाया कब्जा; धाकड़ 15 वोटों से जीते – Uchhab Lal Dhakad Elected Deputy Zila Pramukh, Congress Wins Both Top Posts In Bundi
बूंदी जिला परिषद उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी उच्छब लाल धाकड़ ने 15 मतों से जीत दर्ज की। उन्हें कांग्रेस के सभी 21 सदस्यों के वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 6 मत प्राप्त हुए। इस तरह उच्छब लाल धाकड़ ने उप जिला प्रमुख का पद अपने नाम कर लिया।
इससे पहले जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस की हंसा गुर्जर निर्वाचित हुई थीं। ऐसे में बूंदी जिला परिषद के जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख, दोनों पदों पर कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया। लगातार दोनों पदों पर जीत के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल है।
उप जिला प्रमुख चुनाव का परिणाम घोषित होते ही जिला परिषद परिसर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख उच्छब लाल धाकड़ के बाहर आते ही समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान आतिशबाजी की गई और जमकर नारेबाजी हुई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।
क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस ने दिखाई एकजुटता
उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की एकजुटता देखने को मिली। गौरतलब है कि जिला प्रमुख के चुनाव में पिछले दिन कांग्रेस खेमे में क्रॉस वोटिंग हुई थी। पार्टी के 21 सदस्यों के समर्थन के बावजूद एक वोट कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में नहीं पड़ा था। इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली थी। पूर्व मंत्री अशोक चांदना ने भी इसे लेकर आपत्ति जताई थी और हंगामा किया था।
ऐसे में उप जिला प्रमुख का चुनाव कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया था। हालांकि, इस बार पार्टी ने अपने सभी सदस्यों को एकजुट रखने में सफलता हासिल की। कांग्रेस के सभी 21 सदस्यों ने अधिकृत प्रत्याशी उच्छब लाल धाकड़ के पक्ष में मतदान किया। किसी तरह की क्रॉस वोटिंग नहीं हुई। वहीं, भाजपा प्रत्याशी को छह वोट मिले।
पिछले दिन के घटनाक्रम के बाद प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा
जिला प्रमुख चुनाव के दौरान हुए घटनाक्रम को देखते हुए प्रशासन ने उप जिला प्रमुख चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। मतदान स्थल पर प्रवेश व्यवस्था सख्त रखी गई। दूसरे गेट से किसी को भी प्रवेश नहीं दिया गया और आने-जाने वालों पर निगरानी रखी गई। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता भी तैनात किया गया।
दरअसल, जिला प्रमुख चुनाव के दौरान दूसरे गेट से भाजपा प्रत्याशियों को प्रवेश दिए जाने पर पूर्व मंत्री अशोक चांदना ने आपत्ति जताते हुए हंगामा किया था। इसके बाद प्रशासन ने अगले दिन प्रवेश व्यवस्था में बदलाव किया। उप जिला प्रमुख चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पूरे समय मुस्तैद रहे।
तीन बजे शुरू हुआ मतदान, भाजपा सदस्यों ने पहले डाले वोट
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर तीन बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। सबसे पहले भाजपा के सभी छह जिला परिषद सदस्य मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद भाजपा सदस्य वहां से रवाना हो गए। इसके कुछ समय बाद कांग्रेस के सदस्य एक-एक कर मतदान के लिए पहुंचे।
सबसे अंत में नवनिर्वाचित जिला प्रमुख हंसा गुर्जर तीन सदस्यों के साथ मतदान केंद्र पहुंचीं और मतदान किया। सभी सदस्यों के मतदान के बाद प्रशासन ने दोनों प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतगणना शुरू करवाई। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी उच्छब लाल धाकड़ को 21 और भाजपा प्रत्याशी को छह वोट मिले। परिणाम घोषित होते ही धाकड़ को विजयी घोषित कर दिया गया।
पहली बार प्रत्याशी बने, पहली बार में ही मिली बड़ी जिम्मेदारी
जीत के बाद नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख उच्छब लाल धाकड़ ने कहा कि पार्टी ने पहली बार उन्हें प्रत्याशी बनाया और पहली ही बार में उन्हें जीत मिली है। उन्होंने इस जीत को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के विश्वास का परिणाम बताया। इसके लिए उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। साथ ही पूर्व मंत्री अशोक चांदना और बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
धाकड़ ने कहा कि उप जिला प्रमुख के रूप में उनकी प्राथमिकता बूंदी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का विकास करना रहेगा। गांवों में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित जिला प्रमुख हंसा गुर्जर के साथ आपसी तालमेल बनाकर काम करेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख मिलकर करेंगे विकास कार्य
नवनिर्वाचित जिला प्रमुख हंसा गुर्जर ने भी जीत पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर कांग्रेस के प्रत्याशी निर्वाचित हुए हैं। ऐसे में दोनों मिलकर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय के साथ गांवों की समस्याओं का समाधान करने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में भी काम होगा।
इस तरह बूंदी जिला परिषद के दोनों प्रमुख पदों पर जीत के साथ कांग्रेस ने अपना राजनीतिक दबदबा कायम किया है। जिला प्रमुख चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद उप जिला प्रमुख चुनाव में सभी 21 कांग्रेस सदस्यों का एकजुट होकर मतदान करना पार्टी के लिए बड़ी राहत और राजनीतिक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।
