बेलाताल (महोबा)। कस्बे में जैतपुर-नौगांव मुख्य मार्ग पर बुधवार दोपहर भीषण जाम लग गया। देखते ही देखते जाम डेढ़ किमी लंबा हो गया। इससे सैकड़ों वाहन चालक ढाई घंटे जाम में फंसे रहे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया और यातायात बहाल हो सका।
कस्बा जैतपुर में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। नालियों की ऊपर दुकानदारों की ओर से अतिक्रमण करने, सड़क किनारे तक सामान फैलाने व दुकानों में आने वाले ग्राहकों के वाहन सड़क किनारे खड़े होने से मार्ग की चौड़ाई कम हो जाती है और वाहनों की आवाजाही के लिए जगह कम बचती है। बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे दो बड़े वाहनों के आमने-सामने आने से जैतपुर-नौगांव मार्ग पर जाम लग गया।
देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। श्रीनगर तिराहा से गल्लामंडी तक जाम करीब डेढ़ किमी तक लगा रहा। जाम के चलते पैदल राहगीरों को भी रास्ता पार करने में परेशानी से जूझना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। तब कहीं जाकर ढाई घंटा बाद आवागमन बहाल हो सका। अयान, विनोद, परशुराम, सुरेश आदि का कहना है कि कई बार प्रशासन से अतिक्रमण हटवाए जाने की मांग की गई लेकिन कुछ नहीं हुआ। इससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। जाम के चलते मार्ग पर यातायात व्यवस्था पटरी से उतर जाती है।