नागौर उप जिला प्रमुख चुनाव:आरएलपी की अंजू का निर्दलीय प्रत्याशी से मुकाबला, कांग्रेस-भाजपा मैदान से बाहर – Nagaur Zila Parishad Election: Rlp Fields Anju, Congress-bjp Stay Away From Party Candidates
नागौर जिला प्रमुख चुनाव के बाद अब उप जिला प्रमुख पद का मुकाबला भी दिलचस्प हो गया है। इस चुनाव में भी कांग्रेस और भाजपा ने अपने पार्टी सिंबल पर प्रत्याशी नहीं उतारे हैं। वहीं, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने महिला उम्मीदवार अंजू को अपना प्रत्याशी घोषित कर चुनावी मैदान में उतारा है।
उप जिला प्रमुख चुनाव को लेकर गुरुवार को जिला परिषद में राजनीतिक हलचल तेज रही। आरएलपी की अंजू के मुकाबले कांग्रेस से निर्वाचित जिला परिषद सदस्य उस्मान खान ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में मुकाबला आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच हो गया है।
इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस और भाजपा के राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बुधवार को हुए जिला प्रमुख चुनाव में भी भाजपा ने अपने पार्टी सिंबल पर प्रत्याशी नहीं उतारा था। भाजपा से निर्वाचित अनिल नागौरी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे थे। वहीं, कांग्रेस ने अपने 11 निर्वाचित सदस्यों के बावजूद जिला प्रमुख पद के लिए प्रत्याशी नहीं उतारा था।
पढ़ें: चुनाव की तारीखों के संयोग से बनीं जिला प्रमुख, पहले चरण में होती वोटिंग तो नहीं लड़ पातीं; जानें
जिला प्रमुख चुनाव में आरएलपी के पांचाराम इंदावाड़ को 22 वोट मिले थे, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी अनिल नागौरी को 15 वोट मिले। चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस के 8 सदस्यों की ओर से निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की चर्चाएं सामने आई थीं।
अब उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस से निर्वाचित उस्मान खान निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं। भाजपा ने भी अपना आधिकारिक प्रत्याशी नहीं उतारा है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि क्या भाजपा के 7 निर्वाचित सदस्य उस्मान खान का समर्थन करेंगे?
यदि ऐसा होता है तो जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों चुनावों में कांग्रेस और भाजपा के बीच संभावित राजनीतिक तालमेल की चर्चाओं को और बल मिलेगा। वहीं, आरएलपी की महिला प्रत्याशी अंजू के चुनाव परिणाम पर भी सभी की नजरें टिकी हैं। अब देखना होगा कि मतदान में किस प्रत्याशी को बहुमत मिलता है।
