कानपुर देहात। संविधान दिवस पर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय माती में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता जताई।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को संविधान की मूल भावना के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में लोकतांत्रिक व्यवस्था में संविधान की भूमिका के साथ नागरिकों के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
इसी क्रम में पुलिस लाइन कानपुर देहात सहित जिले के सभी थानों और पुलिस इकाइयों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, सीओ अकबरपुर संजय कुमार सिंह, सीओ रसूलाबाद आलोक कुमार आदि मौजूद रहे।