रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर बुशहर

Rampur Bushahar News:खनेरी अस्पताल में आयुष्मान और हिमकेयर योजना का 4.36 करोड़ का भुगतान लटका – Payment Of Crore Under Ayushman And Himcare Schemes Remains Pending At Khaneri Hospital

November 27, 2026


अगस्त 2023-24 से नवंबर 2026 तक का दोनों योजनाओं के तहत नहीं हो पाया भुगतान

आयुष्मान भारत के 34.09 लाख और हिमकेयर योजना के तहत 4.02 करोड़ रुपये की राशि फंसी

योजनाओं के सफल संचालन और लाभार्थियों को लाभ पहुंचाने के लिए अस्पताल प्रशासन ने जारी किए पत्र

संवाद न्यूज एजेंसी

रामपुर बुशहर। महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी में आयुष्मान भारत और हिमकेयर स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के तहत मरीजों को दी गई चिकित्सा सेवाओं का करोड़ों रुपये का भुगतान लंबे समय से लंबित है। अस्पताल प्रबंधन ने इस संबंध में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य बीमा योजना सोसायटी से लंबित राशि जल्द जारी करने की मांग उठाई है। खनेरी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रोशन कौंडल ने उप निदेशक-सह-राज्य नोडल अधिकारी (एसएनओ), हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य बीमा योजना सोसायटी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग शिमला को पत्र भेजकर दोनों योजनाओं की बकाया राशि शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया है। अस्पताल की ओर से भेजे गए पत्र के अनुसार दोनों योजनाओं के तहत कुल 4 करोड़ 36 लाख 13 हजार 920 रुपये का भुगतान अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) के तहत अगस्त 2024 से नवंबर 2026 तक की कुल 34 लाख 9 हजार 450 रुपये की राशि लंबित है। यह राशि अस्पताल में योजना के लाभार्थियों को उपलब्ध करवाई गई चिकित्सा सुविधाओं के एवज में देय है। अस्पताल प्रशासन ने इस भुगतान को जल्द जारी करने का आग्रह किया है ताकि योजना के तहत मरीजों को उपचार की सुविधा निरंतर उपलब्ध करवाई जा सके। वहीं, हिमकेयर योजना के तहत लंबित भुगतान का आंकड़ा इससे भी कहीं अधिक है। अस्पताल प्रबंधन ने विभाग को भेजे पत्र में बताया है कि वर्ष 2023 से मार्च 2026 तक की अवधि का 4 करोड़ 2 लाख 4 हजार 470 रुपये का भुगतान अभी तक जारी नहीं हुआ है। इस संबंध में अस्पताल कार्यालय की ओर से 24 अप्रैल को भी पत्र के माध्यम से विभाग को अवगत करवाया गया था। इसके बावजूद लंबित राशि प्राप्त नहीं हुई है।

लंबित भुगतान जारी होने से अस्पताल प्रबंधन को योजनाओं के संचालन और लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। अस्पताल प्रशासन ने विभाग से मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है। इस संबंध में स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक, हिमाचल प्रदेश और रोगी कल्याण समिति एवं एसडीएम रामपुर को भी सूचित किया गया है। – डॉ. रोशन कौंडल, चिकित्सा अधीक्षक, खनेरी अस्पताल

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X