सिवानी मंडी । गांव ढाणी सिल्हांवाली (सिलावली) के अनाज-दाना व्यापारी जयमोहन को पिस्तौल दिखाकर बाइक सवार दो बदमाश वीरवार शाम 54 लाख रुपये लूटकर भाग गए। पुलिस की चार टीमें लुटेरों की तलाश में जुटी हैं। घटनास्थल के आसपास और बदमाशों के भागने के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
डीएसपी सुरेंद्र सिंह के मुताबिक व्यापारी जयमोहन ने बताया कि वह कार से सिवानी की ओर जा रहा था। कार में रखे बैग में करीब 54 लाख रुपये थे। एनएच-52 पर बने पुल के नजदीक माता मनसा देवी मंदिर के पास सड़क पर एक व्यक्ति लेटा दिखाई दिया। पास में एक बाइक भी खड़ी थी। कार रोकी और नीचे उतरकर देखने लगा। तभी लेटा व्यक्ति खड़ा हो गया और उसका साथी भी वहां पहुंच गया। दोनों ने उस पर पिस्तौल तान दी और कार में रखा बैग लेकर भाग गए।
जयमोहन ने बताया कि रुपये ग्वार खरीदने के लिए लेकर जा रहे थे। वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी, थाना प्रभारी रिसाल सिंह और सीआईए की टीम मौके पर पहुंची। डीएसपी सुरेंद्र ने बताया कि लुटेरों की तलाश की जा रही है। सीआईए-1, ईशरवाल, भिवानी और सिवानी थाने की पुलिस जांच में जुटी हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। व्यापारी के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।

सिवानी : सूचना के बाद जांच के लिए मौके पर पहुंची पुलिस को घटना की जानकारी देते व्यापारी। संवाद