Mahendragarh-narnaul News:20 दिसंबर को होगा खेल एवं सांस्कृतिक उत्सव – Sports And Cultural Festival To Be Held On December 20
नारनौल। श्री गौड़ ब्राह्मण सभा की ओर से 20 दिसंबर को निजामपुर रोड में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी एवं पंडित मदन मोहन मालवीय की जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में संकल्प से शिखर तक खेल एवं सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
सभा के प्रधान एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश महता ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, सांस्कृतिक चेतना, रचनात्मकता एवं महापुरुषों के आदर्शों के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उत्सव के अंतर्गत बाल एवं वरिष्ठ वर्ग में विभिन्न खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
बाल वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिताएं:
बाल वर्ग में 14 वर्ष तक की आयु के कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए बालकों की 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, रिले दौड़, शाॅट पुट एवं लंबी कूद आयोजित की जाएंगी। वहीं बालिकाओं के लिए 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, रिले दौड़, शाॅट पुट एवं लंबी कूद प्रतियोगिताएं होंगी।
वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं:
वरिष्ठ वर्ग में 19 वर्ष तक की आयु के कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें छात्रों के लिए 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, रिले दौड़, 60 फुट लंबी कूद व छात्राओं के लिए 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, रिले दौड़, शाॅट पुट एंव लंबी कूद शामिल हैं।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में दिखेगी प्रतिभा:
खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इनमें नशा मुक्ति विषय पर एकल अभिनय, संस्कृत श्लोक उच्चारण, कविता पाठ व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की रचित कविताओं पर आधारित प्रतियोगिता शामिल होंगी। इसके अतिरिक्त पंडित मदन मोहन मालवीय के शिक्षा एवं समाज में योगदान विषय पर प्रतियोगिता व श्रीमद्भगवद्गीता विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि उत्सव में भाग लेने के इच्छुक छात्र-छात्राएं 1 दिसंबर से 10 दिसंबर तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके लिए सभा के प्रधान राकेश मेहता एवं सचिव कृष्ण शर्मा के मोबाइल नंबर 9466665500 तथा 9416287878 पर संपर्क कर रजिस्ट्रेशन करवाया जा सकता है।
