गुलावठी। बुधवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बाइक सवार तालाब में गिर गया। कार भी अनियंत्रित होकर तालाब के किनारे अटक गई। हादसे में मुबारकपुर, हापुड़ निवासी ओमकार (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि ओमकार गुलावठी से बुलंदशहर की ओर जा रहे थे। गाजियाबाद से बीबी नगर बरात में जा रही कार ने ओवरटेक करते समय उनकी बाइक में टक्कर मारी। टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरी। कार में पांच लोग सवार थे, जिन्हें पुलिस ने लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। घायल ओमकार को पहले सीएचसी गुलावठी में भर्ती कराया गया, बाद में परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।