रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Kannauj News:चार छात्रों की मौत के बाद भी नहीं चेते यूपीडा अधिकारी, एक्सप्रेसवे पर अब भी अवैध पार्किंग – Upida Officials Remain Unperturbed Even After The Deaths Of Four Students; Illegal Parking Continues On The Expressway
कन्नौज

Kannauj News:चार छात्रों की मौत के बाद भी नहीं चेते यूपीडा अधिकारी, एक्सप्रेसवे पर अब भी अवैध पार्किंग – Upida Officials Remain Unperturbed Even After The Deaths Of Four Students; Illegal Parking Continues On The Expressway

November 27, 2026


कन्नौज। मंगलवार सुबह हादसे का शिकार हुई कौशांबी स्थित स्कूल की बस पर सवार चार छात्रों की मौत होने के बाद भी यूपीडा अधिकारियों ने अवैध तरीके से वाहनों को रोके जाने की प्रवृत्ति पर अंकुश नहीं लगाया है। हादसे के बाद भी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अवैध पार्किंग जोन में वाहन खड़े नजर आए। इससे एक बार फिर बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

स्कूल बस ने एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में टक्कर मार दी थी, जिसमें चार मासूम छात्रों की जान चली गई थी। इस हादसे के बाद लोगों को उम्मीद थी कि एक्सप्रेसवे पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। जगह-जगह ट्रक और अन्य वाहन अब भी बिना किसी रोक-टोक के खड़े देखे जा रहे हैं। घटना के दो दिन बीतने के बाद भी ट्रक के असली मालिक का पता लगाने में पुलिस नाकाम रही है।

अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कूल की बस का परमिट वैध था या नहीं। एआरटीओ इज्या तिवारी का कहना है कि बस के परमिट संबंधी जानकारी विभागीय पोर्टल पर नहीं दर्शाई जा रही हैं। इससे बस के संचालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि ट्रक के पंजीकृत नंबर पर फोन किया गया तो मालिक का कहना है कि उसने करीब छह माह पहले ट्रक बेच दिया था।

हालांकि जिसे ट्रक बेचे जाने की बात कही गई है, उससे बात करने पर पता चला कि उसकी टायर की दुकान है और उस व्यक्ति ने किसी ट्रक को खरीदे जाने की बात स्वीकार नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

———————

इनसेट

एक्सप्रेसवे पर जिले में कोई रेस्ट एरिया नहीं

कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जिले में कोई रेस्ट एरिया नहीं है। इससे एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्हें शौचालय, पानी, भोजन और वाहन में ईंधन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी शशिकांत मिश्रा ने बताया कि मैनपुरी के करहल के बाद करीब 93 किमी दूर अरौल का रेस्ट एरिया है। करहल-मैनपुरी इंटरचेंज आगरा से करीब किलोमीटर 105 पर है, जबकि अरौल-कन्नौज वाला रेस्ट एरिया करीब किलोमीटर 198 पर स्थित है। इस बीच कन्नौज जिले में कोई सुविधा नहीं है। चालकों का कहना है कि लंबी दूरी की यात्रा में रेस्टिंग एरिया जरूरी होता है। इसके अभाव में चालक झपकी आने पर भी वाहन नहीं रोक पाते, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है। हाल ही में हुए बस हादसे के बाद भी यह मुद्दा उठा था। यात्रियों ने जिले में रेस्टिंग एरिया बनाए जाने की मांग की है।

———————

इनसेट

आरोपी ट्रक चालक गिरफ्तार

ठठिया। ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक हरियाणा के जिला पलवल के थाना उटावर क्षेत्र निवासी उवैस को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह पंजाब से ट्रक में आलू लादकर इस्लामपुर, बंगाल जा रहा था। उसे अचानक नींद की झपकी आ गई थी, किलोमीटर 209 के पास टक्कर के बाद उसकी आंख खुली, फिर वह भाग गया। चालक को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया।

———————

वर्जन

गश्ती दल को विशेष दिशा निर्देश दिए गए हैं। किसी भी दशा में अवैध तरीके से वाहन खड़ा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

-शशिकांत मिश्रा, सुरक्षा अधिकारी यूपीडा

फोटो:41: एक्सप्रेसवे पर नो- पार्किंग जोन में खड़ा ट्रक। संवाद

फोटो:41: एक्सप्रेसवे पर नो- पार्किंग जोन में खड़ा ट्रक। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X