रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
नोएडा

Noida News:न्यू नोएडा में शामिल होने को तरसे एनटीपीसी के 20 से ज्यादा गांव – Ntpc-affected Villages Eager To Be Included In New Noida

November 27, 2026


मुख्यमंत्री से उठी मांग, ग्रामीणों को सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विकास की उम्मीद

संवाद न्यूज एजेंसी

ग्रेटर नोएडा। न्यू नोएडा के गठन से आसपास के गांवों में विकास की उम्मीद जगी है। अब दादरी में एनटीपीसी के आसपास बसे 20 से अधिक गांवों के लोग भी इसमें शामिल होने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से ये गांव विकास से पिछड़े हैं। सड़क और बुनियादी सुविधाओं की कमी से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। न्यू नोएडा में शामिल होने से इन गांवों में भी नियोजित विकास का रास्ता खुल सकता है। इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की गई है।

आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. आनंद आर्य ने बताया कि न्यू नोएडा की योजना गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र के 20 और बुलंदशहर के 60 गांवों को मिलाकर कुल 80 गांवों में बनाई गई है। उनका कहना है कि भविष्य में इसके विस्तार की संभावनाओं को देखते हुए दादरी तहसील के शेष गांवों को भी योजना में शामिल किया जाना चाहिए। एनसीआर में दूसरे चरण के तहत बागपत और खेकड़ा क्षेत्र को शामिल करने की चर्चा भी है।

उन्होंने बताया कि मौजूदा योजना में गौतमबुद्धनगर के नौ गांव बैरंगपुर उर्फ नई बस्ती, फूलपुर, बील अकबरपुर, आनंदपुर, खंडेरा, कोट, मिलक, नंगला नैनसुख और नंगला चमरू शामिल हैं। ऐसे में एनटीपीसी के आसपास के गांवों को भी विकास योजना से जोड़ने की जरूरत है।

– 20 से अधिक गांवों में विकास की दरकार

एनटीपीसी के आसपास ऊंचा अमीरपुर, खटाना, शाहपुर, दादूपुर, मुठियानी, जारचा, छोलस, छांयसा, कलौंदा, सैंथली, बिसाहड़ा, सिलारपुर, पटाड़ी, बढ़पुरा, धूम मानिकपुर, बंबावड़, महावड़ और कल्दा समेत कई गांव हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इन गांवों में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अपेक्षित विकास नहीं हुआ है।

– नियोजित विकास से सुधरेगी स्थिति

खटाना निवासी शीशपाल सिंह ने कहा कि इन गांवों को न्यू नोएडा में शामिल करने से विकास कार्यों को गति मिलेगी और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। जमीन अधिग्रहण और नियोजित विकास से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार की भी उम्मीद है। इससे न्यू नोएडा का दायरा गाजियाबाद और हापुड़ की सीमा तक पहुंच सकेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X