Chandigarh News:रैली ग्राउंड में कट्टे और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार – Youth Arrested At Rally Ground With A Country-made Firearm And Cartridges
मोहाली के झामपुर का 22 वर्षीय भूमिक उर्फ हकला दबोचा, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में पहले भी दर्ज है एफआईआर
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल (डीसीसी) ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक युवक अवैध हथियार और कारतूस के साथ पकड़ा गया जबकि दूसरे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी में थी।
मोहाली के झामपुर निवासी 22 वर्षीय भूमिक उर्फ हकला को अवैध हथियार के साथ दबोचा गया। पुलिस को 25 नवंबर को सूचना मिली थी कि वह सेक्टर-25 स्थित रैली ग्राउंड में अवैध हथियार लेकर बैठा है। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। भूमिक पर थाना सेक्टर-11 में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। उसका पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसमें 2024 में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों और संभावित साथियों के बारे में पूछताछ करेगी।
वाहन चोरी का आरोपी गिरफ्तार
डीसीसी टीम ने सेक्टर-56 निवासी रामाकांत को सेक्टर-37 स्थित बत्रा सिनेमा की पार्किंग से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर पीबी-22जे-1523) बरामद हुई, जो 29 जून 2026 को सेक्टर-37 से चोरी हुई थी। रामाकांत नशे का आदी है और स्मार्ट या डुप्लीकेट चाबी से बाइक चोरी कर सस्ते में बेचता था। आरोपी पहले भी वाहन चोरी और घरों में चोरी समेत चार आपराधिक मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
