रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
आगर मालवा:जमीन का नक्शा सुधारने मांगी थी 60 हजार की घूस, 10 हजार लेते पटवारी और कोटवार गिरफ्तार – Agar Malwa: Patwari And Village Watchman Caught Taking Rs 10,000 Bribe For Land Map Correction
आगर-मालवा

आगर मालवा:जमीन का नक्शा सुधारने मांगी थी 60 हजार की घूस, 10 हजार लेते पटवारी और कोटवार गिरफ्तार – Agar Malwa: Patwari And Village Watchman Caught Taking Rs 10,000 Bribe For Land Map Correction

November 27, 2026


Agar Malwa: Patwari and Village Watchman Caught Taking Rs 10,000 Bribe for Land Map Correction

पटवारी और कोटवार रिश्वत लेते गिरफ्तार

विस्तार

उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने आगर मालवा में जमीन का नक्शा सुधारने के नाम पर रिश्वत ले रहे पटवारी और कोटवार को रंगे हाथों पकड़ा है। दोनों कर्मचारियों ने पीड़ित से कुल 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 30 हजार रुपये आवेदक पहले ही दे चुका था। लोकायुक्त पुलिस ने कोटवार की पैंट की जेब से 10 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद की।

नक्शा सुधार के लिए मांगी रिश्वत

प्राप्त जानकारी के अनुसार आगर के राम मालीपुरा निवासी आशुतोष चौहान ने अपने बड़े पिता चिंतामण चौहान की जमीन का नक्शा त्रुटिपूर्ण होने पर उसमें सुधार के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। इस सिलसिले में जब पीड़ित ने पटवारी प्रहलाद सिंह भिलाला और कोटवार संजय कुम्भकार से संपर्क किया तो दोनों ने नक्शा सुधारने के एवज में 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। पीड़ित पहले ही 30 हजार रुपये दे चुका था लेकिन आरोपी बाकी रकम के लिए दबाव बना रहे थे। परेशान होकर आवेदक आशुतोष चौहान ने 23 नवंबर को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन से इस बात की शिकायत कर दी। लोकायुक्त पुलिस द्वारा शिकायत का सत्यापन कराए जाने पर रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

ये भी पढ़ें: बैतूल: यात्रियों के लिए सजा बना वोल्वो का सफर, पूरी रात ठंड में हाईवे पर तड़पते रहे लोग, कंपनी ने नहीं ली सुध

कोटवार की पैंट से बरामद हुई रकम

सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप की योजना बनाई। शुक्रवार को लोकायुक्त टीम ने आगर में दबिश देकर पटवारी प्रहलाद सिंह भिलाला और कोटवार संजय कुम्भकार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। रिश्वत की यह राशि कोटवार संजय कुम्भकार की पैंट की जेब से बरामद हुई।

कार्रवाई लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद पटेल के नेतृत्व में निरीक्षक हीना डावर और टीम के सदस्यों द्वारा की गई। लोकायुक्त पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X