Moradabad News:उपभोक्ता अदालत ने डॉक्टर और नर्सिंग होम पर लगाया 10 लाख रुपये का जुर्माना – Consumer Court Imposes A Fine Of Rs 10 Lakh On Doctor And Nursing Home
अमर उजाला ब्यूरो मुरादाबाद। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग प्रथम ने इलाज में लापरवाही के मामले में दो डॉक्टर और नर्सिंग होम पर जुर्माना लगाया है। अदालत ने प्रतिवादियों पर 10 लाख रुपये मय नौ प्रतिशत वार्षिक ब्याज अदा करने का आदेश दिया है। इसके अलावा आयोग ने मानसिक, शारीरिक एवं आर्थिक क्षति के लिए 15 हजार रुपये और वाद व्यय के रूप में 10 हजार रुपये अतिरिक्त देने का आदेश भी दिया है। संभल जिले के सराय तरीन निवासी बाशरा ने अपने अधिवक्ता मो. जुनैद एजाज के जरिये जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग प्रथम में अर्जी दाखिल की थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि संतान नहीं होने के कारण उन्होंने टेस्ट ट्यूब तकनीक से संतान प्राप्ति के लिए सिविल लाइंस के पीलीकोठी चौराहा स्थित शुभम नर्सिंग होम के डॉक्टरों संपर्क किया था। डॉक्टरों ने उपचार के लिए दो लाख रुपये खर्च बताकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया था। महिला की ओर आरोप लगाया गया है कि उपचार के दौरान इलाज में लापरवाही बरती गई थी। इस मामले की सुनवाई के बाद आयोग के अध्यक्ष रमा शंकर सिंह और सदस्य रुचिका सारस्वत ने शुभम नर्सिंग होम, डॉ. नीतू रस्तोगी, डॉ. आइएस सचदेवा को दोषी मानते हुए जुर्माना लगाया है। आयोग ने विपक्षी गण को आदेश दिया कि वह एक माह के अंदर 10 लाख रुपये पर परिवाद दायर करने की तारीख 30 सितंबर 2022 से भुगतान तक नौ प्रतिशत ब्याज देंगे।
