Treasure Discovered : हाईवे के नीचे दबा था खजाना, एक दिन JCB ड्राइवर को आई ठक्क की आवाज, खोदकर देखा तो हो गया मालामाल
किसी ने नहीं सोचा होगा कि जिस हाईवे से रोज सैकड़ों गाड़ियां गुजरती हैं, उसी बिजी रोड़ के नीचे खजाना दबा होगा. ये अनोखा कारनामा एक रोड़ चौड़ीकरण के दौरान हुआ, जब काम कर रही एक JCB अटक गई. ड्राइवर को ठक्क की आवाज आई तो उसका माथा ठनका. जब हाईवे की उस जगह को खोदकर देखा गया जहां, JCB का पंजा अटका तो हर किसी की आंखें फटी रह गईं. हाईवे के नीचे से चमचमाते सिक्कों का ढेर निकलने लगा. जांच हुई तब जाकर पता चला की असल में ये 1,600 साल पुराना शाही खजाना है, जिसकी कीमत आज के जमाने में हजारों गुना बढ़ चुकी है.
हाईवे के नीचे से ये खजाना कब और कैसे निकला था?
इंग्लैंड के केंट में स्प्रिंगहेड के पास A2 हाईवे को चौड़ा करने का काम चल रहा था. 1964 में खुदाई के दौरान हाईवे की जमीन से प्राचीन सिक्के निकले हैं. जब एक्सपर्ट्स को बुलाया गया जब पता चला कि ये एक बेहद दुर्लभ खजाना है और इसे ‘स्प्रिंगहेड होर्ड’ नाम दिया गया. जैसे ही हाईवे के नीचे खजाना मिलने की खबर आसपास फैली, स्थानीय इतिहास से जुड़ी संस्था ‘ग्रेवसेंड हिस्टोरिकल सोसाइटी’ के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंच गए और सिक्कों को सुरक्षित बाहर निकालने के काम में जुट गए. इस खोज के दौरान कुल 447 सिक्के बरामद किए गए थे, जिसने उस इलाके के इतिहास को नई पहचान दी.
हाईवे के बीच घुटनों के बल बैठकर खोजा गया एक-एक सिक्का
हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच खजाने को सुरक्षित निकालना कोई आसान काम नहीं था. एक तरफ सड़क चौड़ी करने वाली भारी मशीनें लगातार खुदाई कर रही थीं, तो दूसरी तरफ इतिहास के जानकार मिट्टी छान रहे थे. इस खोज में शामिल रहे शुरुआती सदस्यों में से एक विक्टर स्मिथ ने उस दिन का आंखों देखा हाल बताते हुए कहा कि सोसाइटी के सदस्यों ने जमीन पर रस्सियों की मदद से लाइनें बनाईं और घुटनों के बल रेंगते हुए एक-एक सिक्के की तलाश की.
दिलचस्प बात ये है कि विक्टर स्मिथ खजाना मिलने के छह दशक से भी ज्यादा समय बाद 10 नवंबर 2026 को हुई इसकी नीलामी में भी खुद मौजूद रहे. 1964 की उस मेहनत का ही नतीजा था कि इतने कीमती सिक्के मलबे में दबकर खराब नहीं हुए.
1,600 साल तक हाईवे के नीचे क्यों छिपा रहा ये शाही खजाना?
इतिहासकारों का मानना है कि ये खजाना लगभग 388 ईस्वी के आसपास जमीन में दबाया गया था. उस समय रोमन साम्राज्य के भीतर भारी राजनीतिक उथल-पुथल, हमलों और विद्रोह का दौर चल रहा था. ऐसे में जान-माल के खतरे को देखते हुए किसी ने अपनी जमापूंजी को सुरक्षित रखने के लिए जमीन में गाड़ दिया होगा. ये सिक्के कॉन्स्टेंटियस द्वितीय से लेकर मैग्नस मैक्सिमस तक कई रोमन सम्राटों के शासनकाल में ढाले गए थे.
करीब 1,600 साल तक ये सिक्के अंधेरे में दबे रहे, जब तक कि A2 हाईवे के चौड़ीकरण ने इन्हें दोबारा दुनिया के सामने नहीं ला दिया. ये जगह रोमन बस्ती ‘वैग्निएसिस’ का हिस्सा थी, जो मशहूर रोमन मार्ग ‘वाटलिंग स्ट्रीट’ के किनारे बसी थी. ग्रेवसेंड हिस्टोरिकल सोसाइटी 1950 के दशक से यहां खुदाई कर रही थी और पहले भी मंदिरों, दुकानों और सड़कों के अवशेष खोज कर चुकी थी. माना जाता है कि इस रास्ते से गुजरने वाले यात्री यहां बने धार्मिक केंद्र पर अच्छी सेहत और खुशहाली की दुआ मांगने रुकते थे.
नीलामी में उम्मीद से कई गुना ज्यादा दाम पर बिके सिक्के
नीलामी घर ‘नूनन्स’ की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, नवंबर 2026 में इस खजाने के पहले हिस्से के 114 चांदी के सिक्कों, जिन्हें ‘सिलिक्वे’ कहा जाता है उनकी नीलामी की गई. नीलामी से पहले इन सिक्कों की कीमत 15,000 पाउंड आंकी गई थी, लेकिन बोली लगने पर सभी 114 सिक्के बिक गए और कुल रकम 23,240 पाउंड तक पहुंच गई. कुछ सिक्कों ने तो अपनी अनुमानित कीमत से कई गुना ज्यादा दाम हासिल किए.
- सम्राट ग्राटियन (367–383) का सिक्का: ट्रायर में ढाले गए इस सिक्के की अनुमानित कीमत 100 से 150 पाउंड थी, लेकिन ये 440 पाउंड में बिका. इसके एक तरफ सम्राट की आकृति और दूसरी तरफ सिंहासन पर बैठी देवी रोमा बनी हैं.
- सम्राट मैग्नस मैक्सिमस (383–388) का सिक्का: 100 से 150 पाउंड के अनुमान के मुकाबले ये 420 पाउंड में नीलाम हुआ.
- सम्राट थियोडोसियस प्रथम (379–395) का सिक्का: इस दुर्लभ सिक्के के लिए खरीदार ने 400 पाउंड की बोली लगाई.
- सम्राट वैलेंटिनियन द्वितीय (375–392) का सिक्का: उत्तर-पूर्वी इटली के एक्विलिया में ढाला गया ये सिक्का 380 पाउंड में बिका.
खोज करने वालों को मिला इनाम, अब इतिहास संवारने में खर्च होगी रकम
जनवरी 1965 में नॉर्थफ्लीट टाउन हॉल में हुई आधिकारिक जांच के बाद इस खजाने को राजकोषीय खजाना घोषित किया गया था. उस समय ब्रिटिश म्यूजियम ने सोने के सिक्कों समेत कुल 27 सिक्के अपने पास रख लिए थे. इसके बाद ग्रेवसेंड हिस्टोरिकल सोसाइटी ने इनाम में मिली राशि और अपने म्यूजियम फंड से पैसे मिलाकर बाकी के 420 चांदी के सिक्के हासिल कर लिए थे. अब इन्हीं सिक्कों का पहला हिस्सा नीलाम हुआ है, जबकि सोसाइटी के पास बचे हुए बाकी सिक्कों की नीलामी 2027 में की जाएगी.
सौ साल पुरानी संस्था के काम आएगी नीलामी की पूरी कमाई
1924 में स्थापित हुई ग्रेवसेंड हिस्टोरिकल सोसाइटी ने हाल ही में अपने 100 साल पूरे किए हैं. नीलामी से मिली ये पूरी रकम अब इस सौ साल पुरानी संस्था के रिसर्च आर्काइव को संभालने में खर्च की जाएगी. इस पैसे से रोमन साइट से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरें, दस्तावेज, खुदाई के रिकॉर्ड और प्राचीन आर्टवर्क को सुरक्षित रखने, संरक्षित करने और डिजिटल रूप देने का काम होगा.
कुल मिलाकर, हाईवे की खुदाई में अटक कर मिले इस खजाने ने न सिर्फ उस दौर की खोज करने वालों और संस्था को मालामाल किया, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास को सहेजने का रास्ता भी खोल दिया.
