रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कांगड़ा

गैर मरूसी काश्तकारों के इंद्राज को नजर अंदाज नहीं कर सकते :अदालत – Entries Regarding Non-occupancy Cultivators Cannot Be Ignored: Court

November 27, 2026


धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश काश्तकारी एवं भूमि सुधार अधिनियम की धारा 104 के तहत गैर मरूसी काश्तकारों में मालिकाना हक निहित होने के लिए राजस्व रिकॉर्ड में अलग से इंद्राज दर्ज होना अनिवार्य नहीं है। राजस्व रिकॉर्ड में लंबे समय से दर्ज गैर मरूसी इंद्राज को पर्याप्त आधार के बिना नजर अंदाज नहीं किया जा सकता।

इस आधार पर पालमपुर के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश धीरू ठाकुर की अदालत ने संयुक्त भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने के निचली अदालत के आदेश को रद्द कर दिया है। साथ ही जमीन पर दखल में हस्तक्षेप रोकने की मांग वाली वादियों की अर्जी भी खारिज कर दी।

मामला पालमपुर तहसील के अंतर्गत क्षेत्र में 0-02-48 हेक्टेयर भूमि से जुड़ा है। वादियों ने ने दावा किया था कि जमीन उनकी और अन्य हिस्सेदारों की संयुक्त मलकीयत व कब्जे में है। उन्होंने अपीलकर्ताओं के पूर्वज के नाम दर्ज गैर मरूसी इंद्राज को गलत बताते हुए जमीन में हस्तक्षेप रोकने की मांग की थी। वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश पालमपुर ने 19 जनवरी 2024 को दोनों पक्षों को जमीन की प्रकृति, कब्जे और हस्तांतरण के संबंध में यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए थे।

इस आदेश को प्रतिवादियों ने चुनौती दी। उनका पक्ष था कि उनके पूर्वजों के समय से परिवार का जमीन पर गैर मरूसी काश्तकार के रूप में कब्जा रहा है। अदालत ने माना कि धारा 104 के तहत कानून के प्रावधानों के अनुसार गैर मरूसी काश्तकार को मालिकाना अधिकार प्राप्त हो सकते हैं। इसके लिए जमाबंदी में अलग से इंद्राज जरूरी नहीं है। अदालत ने यह भी पाया कि वादी पक्ष राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज गैर मरूसी इंद्राज को इस स्तर पर गलत साबित करने के लिए पर्याप्त सामग्री पेश नहीं कर सका।

अदालत ने अपीलकर्ताओं को मुकदमे के दौरान जमीन पर निर्माण या सुधार कार्य अपने जोखिम और खर्च पर करने की छूट दी है। हालांकि इससे उनके पक्ष में कोई विशेष अधिकार नहीं बनेगा और निर्माण अंतिम फैसले के अधीन रहेगा। अदालत ने स्पष्ट किया कि अपील में की गई टिप्पणियां अस्थायी हैं और मूल मुकदमे का फैसला साक्ष्यों के आधार पर होगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X