रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उधमपुर

Udhampur News:विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने घोरडी में कई विकास कार्यों का किया शुभारंभ – Jammu Kashmir News

November 27, 2026


उधमपुर। चिनैनी-घोरडी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने वीरवार को क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का अधिकारियों के साथ मौके पर निरीक्षण भी किया।

विधायक मनकोटिया ने यूटी सेक्टर के तहत बसला-कुप्पडसू सड़क से ध्यान चंद शर्मा के घर होते हुए ठील मोहल्ला तक 700 मीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना पर 80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत घोरडी खास से मनलाल होते हुए जसानी तक 2.68 किलोमीटर लंबी सड़क का भी शुभारंभ किया। इस परियोजना की कुल लागत 6.85 करोड़ रुपये है।

शिक्षा के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की दिशा में विधायक ने विधायक निधि (सीडीएफ) के तहत हायर सेकेंडरी स्कूल घोरडी के एक ब्लॉक की मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य की शुरुआत की। इसमें वाटरप्रूफिंग का कार्य भी शामिल है, जिस पर 8.21 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

वहीं, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग के कैपेक्स बजट के तहत पंचायत सत्यालता, ब्लॉक घोरडी स्थित प्राचीन मराड़ा माता जी मंदिर के विकास कार्य का भी शुभारंभ किया गया। इस परियोजना पर 20 लाख रुपये खर्च होंगे।

इस बीच विधायक मनकोटिया ने अधिकारियों के साथ उधमपुर-घोरडी सड़क के किलोमीटर 13 से 26 तक एसएएससीआई-1 योजना के अंतर्गत 2.90 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे स्थायी बहाली कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने, नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक ने पंचायत सत्यालता के सेरी दब्बड़ तक बनी सड़क के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने औसू (दख्खडू) पुल के मरम्मत कार्य का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पुल की मरम्मत का कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X