शारीरिक समस्याएं न छिपाएं, समय पर डॉक्टर से लें सलाह :डॉ. दीक्षा – Do Not Hide Physical Health Issues; Seek Timely Medical Advice: Dr. Diksha
लखीमपुर खीरी। शरीर में होने वाली मामूली परेशानी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बीमारी गंभीर स्थिति में पहुंचे इससे पहले ही चिकित्सकीय परामर्श लें ताकि गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या को छिपाने के बजाय मां और डॉक्टर से खुलकर साझा करें। ये बातें अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से नगर के गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में आयोजित हुए अपराजिता कार्यक्रम के दौरान जिला महिला अस्पताल की महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. दीक्षा गंगवार ने कहीं।
उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी स्वच्छता और खानपान का विशेष ध्यान रखें। बाहर का भोजन और फास्ट फूड खाने से बचें, क्योंकि इससे पाचन तंत्र सहित शरीर के अन्य अंग प्रभावित होते हैं। चिकित्सक ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण को जरूरी बताते हुए कहा कि इसे लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों पर ध्यान न दें। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और भविष्य में गंभीर बीमारी से बचाव करता है।
उन्होंने छात्राओं को देर रात तक मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और प्रतिदिन नाश्ता करके ही विद्यालय आने की सलाह दी। कहा कि खाली पेट रहने से कमजोरी के साथ कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
अस्पताल की काउंसलर दीप माला ने कहा कि माहवारी में दो से तीन बार सेनेटरी पैड का इस्तेमाल करें।
एक तय समय के बाद छात्राओं को माहवारी से गुजरना होता है। वहीं तमाम छात्राएं माहवारी में लापरवाही बरतती हैं। इस बात का खामियाजा उन्हें आगे भुगतना पड़ता है। छात्राओं और महिलाओं के सफेद पानी आने की शिकायतें होती हैं। इस दौरान संक्रमण फैलता है। इससे बचने के लिए साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। इस दौरान स्कूल की शिक्षिका रूपा वर्मा, रेनू देवी, संगीता के अलावा छात्राओं में दीपिका, राधिका, राधा, शिवानी, जान्हवी, भाव्या, नीवी, माही समेत दर्जनों छात्राएं मौजूद रहीं।
