Amritsar News:सीमा के पास 3 विदेशी पिस्तौल व 936 ग्राम हेरोइन मिली, तीन मामले दर्ज – Near The Border, 3 Foreign Pistols And 936 Grams Of Heroin Were Found, Three Cases Registered
तरनतारन। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे तरनतारन जिले में खेमकरण पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से हेरोइन और हथियारों का जखीरा बरामद किया। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने कुल 936 ग्राम हेरोइन, तीन पिस्तौल, मैगजीन और नौ कारतूस जब्त किए। पुलिस अधीक्षक अजय गांधी ने बताया कि पुलिस महानिदेशक पंजाब गौरव यादव के निर्देशों पर यह अभियान चल रहा है। सीमावर्ती इलाकों में नशा तस्करी और अवैध हथियारों पर नजर रखी जा रही है। पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये नशीले पदार्थ और हथियार भेजने की गतिविधियों पर भी पुलिस लगातार नजर रख रही है। मेहंदीपुर गांव के खेतों से 936 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। हेड सब इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह बरामदगी की।
हथियारों की बरामदगी और नेटवर्क की जांच
मस्तगढ़ में गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक पिस्तौल, दो मैगजीन और चार कारतूस बरामद किए। मनावां गांव से ऑस्ट्रिया निर्मित ग्लॉक पिस्तौल, दो मैगजीन और तुर्की निर्मित एक अन्य पिस्तौल मिली। इसके साथ ही पांच कारतूस भी जब्त किए गए। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, तीनों बरामदगी के संबंध में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।
