चंदन नगर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना और तीन तलाक का मामला सामने आया है। पीड़िता अमरीन शेख की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति और सास-ससुर के खिलाफ तीन तलाक अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उस पर कार लाने का दबाव बना रहे थे और मांग पूरी नहीं होने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: ठेलेवालों के लिए पुलिस से भिड़े, जीतू पटवारी ने दी चेतावनी, सीएम को भी घेरा
पुलिस के अनुसार, अमरीन शेख की शादी करीब एक साल पहले चंदन नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और सास-ससुर ने दहेज में कार की मांग को लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। इस बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन वह घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान पति ने उससे विवाद किया और तीन तलाक दे दिया। इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। परेशान होकर पीड़िता चंदन नगर थाने पहुंची और पति सहित सास-ससुर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति और सास-ससुर के खिलाफ तीन तलाक अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।