Kathua News:उच्चस्तरीय दल ने डंबरा हाई सिक्योरिटी जेल के निर्माण कार्यों का लिया जायजा – Jammu And Kashmir News
– केंद्रीय गृह मंत्रालय और जम्मू-कश्मीर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रगति की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। महानपुर के डांबरा में हाई सिक्योरिटी जेल परियोजना का शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय और जम्मू-कश्मीर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के उच्चस्तरीय दल ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति, सुरक्षा ढांचे और उपलब्ध कराई जा रही आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने जेल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों, सुरक्षा प्रबंधन, प्रशासनिक ढांचे तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान परियोजना की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। डांबरा में निर्माणाधीन हाई सिक्योरिटी जेल को जम्मू-कश्मीर की महत्वपूर्ण सुरक्षा एवं कारागार अवसंरचना परियोजनाओं में शामिल माना जा रहा है। इसके बनने से प्रदेश में उच्च सुरक्षा श्रेणी के कैदियों के प्रबंधन की क्षमता में वृद्धि होगी तथा आधुनिक सुरक्षा मानकों के अनुरूप कारागार व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। साथ ही विभिन्न जेलों पर बढ़ते दबाव को कम करने और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार परियोजना को आधुनिक निगरानी प्रणाली, सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंधों और आवश्यक प्रशासनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। इसी कारण केंद्र और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर निर्माण कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। निरीक्षण दल में केंद्रीय गृह मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव प्रशांत सीताराम लोखंडे, जम्मू-कश्मीर गृह विभाग के प्रधान सचिव चंद्राकर भारती, गृह मंत्रालय के निदेशक गोविंद कुमार गर्ग, जम्मू-कश्मीर पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक दानिश राणा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। उनके साथ कारागार विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
