रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुरादाबाद

Moradabad News:चुनावी वर्ष में रिकॉर्ड कृषि ऋण… छह माह में 1,927 करोड़ पार – Record Agricultural Loans In An Election Year… Crossing The Crore Mark In Six Months

November 27, 2026


मुरादाबाद। चुनावी साल में सियासी वादों और कर्जमाफी की उम्मीदों के बीच किसानों ने जमकर कृषि ऋण लिया है। जिले में चालू वित्तीय वर्ष (2026-27) के शुरुआती छह महीनों (अप्रैल से सितंबर) में ही डेढ़ लाख किसानों को 1,927.78 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है, जो पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड है।

जिले के करीब चार लाख किसानों में से बड़ी संख्या खेती की बढ़ती लागत को पूरा करने के लिए बैंक ऋण पर निर्भर है। पिछले पूरे वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब तीन लाख किसानों को 3,252 करोड़ रुपये का ऋण बांटा गया था। इसके मुकाबले इस वर्ष महज छह महीने में ही पिछले साल के कुल आंकड़े का करीब 60 फीसदी ऋण वितरित हो चुका है।

कृषि ऋण वितरण में यूपी ग्रामीण बैंक ने अन्य सभी बैंकों को पीछे छोड़ दिया है। अप्रैल से सितंबर के बीच बैंक ने अकेले 955 करोड़ रुपये का ऋण बांटा है। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक ने 221.50 करोड़ और केनरा बैंक ने 166.77 करोड़ रुपये किसानों को उपलब्ध कराए हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में भी यूपी ग्रामीण बैंक 1,752.12 करोड़ रुपये के साथ शीर्ष पर रहा था।

लागत बढ़ी, नकदी की कमी बनी वजह

हर सीजन में बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी का खर्च लगातार बढ़ रहा है। पर्याप्त नकदी न होने के कारण किसान बैंक ऋण का सहारा ले रहे हैं। हालांकि, फसल खराब होने या बाजार में उचित दाम न मिलने पर उनकी आर्थिक गणित बिगड़ जाती है। ऐसे में चुनावी माहौल के बीच किसानों को एक बार फिर कर्जमाफी की बड़ी उम्मीद है।

वर्जन:

किसानों को फसल उत्पादन, बीज, खाद और सिंचाई जैसी जरूरतों के लिए पात्रता के आधार पर ऋण दिया जाता है। इस बार बैंकों ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक कृषि ऋण वितरित किया है। किसान फसल बेचकर ऋण चुकाने की उम्मीद रखते हैं।

— प्रमेंद्र प्रसाद सिन्हा, अग्रणी जिला प्रबंधक, मुरादाबाद

—————————————–

किसानों को सबसे अधिक ऋण वितरण करने वाले बैंक

बैंक का नाम- वित्तीय वर्ष 2025-26- वित्तीय वर्ष 2026-27 (अप्रैल से सितंबर तक छह महीने में लिया गया ऋण)

-यूपी ग्रामीण बैंक- 1752.12 करोड़ -955 करोड़

-एसबीआई 331 करोड़ -221.50 करोड़

-कैनरा बैंक 337 करोड़ -166.77 करोड़

वित्तीय वर्ष-कृषि ऋण वितरण

-2025-26- 3252 करोड़ रुपये

-2026-27- 1927.78 करोड़ रुपये

(अप्रैल से सितंबर तक छह महीने में लिया गया ऋण)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X