लंबे समय से सड़क सुधार की उठ रही थी मांग, लोक निर्माण विभाग ने शुरू करवाया कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नगर पंचायत निरमंड के वार्ड नंबर-सात के पार्षद जमवाल सिंह के लगातार प्रयास रंग लाए हैं। लंबे समय से सड़क को सुधारने की मांग उठ रही थी। अब एसडीएम कार्यालय और विकास खंड कार्यालय (ब्लॉक) को जाने वाली सड़क की मैटलिंग का काम शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग निरमंड ने इस कार्य को शुरू करवाया है। एसडीएम कार्यालय और विकास खंड कार्यालय निरमंड क्षेत्र के प्रमुख सरकारी कार्यालय हैं। यहां प्रतिदिन स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास की पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग अपने सरकारी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। सड़क की खराब हालत के चलते लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वार्ड नंबर-सात के पार्षद जमवाल सिंह इस सड़क की स्थिति सुधारने के लिए लगातार प्रयासरत थे। उनके प्रयासों के बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क की मैटलिंग का कार्य शुरू कर दिया है। इससे इस मार्ग पर आने-जाने वाले वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने सड़क की मैटलिंग का कार्य शुरू होने पर खुशी जताई है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से कार्य को जल्द और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने की मांग की है।