Chamoli News:अमित श्रीवास्तव ने संभाली चमोली के पुलिस अधीक्षक की कमान – Amit Srivastava Takes Charge As Superintendent Of Police For Chamoli
गोपेश्वर। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय गोपेश्वर पहुंचकर गार्द सलामी ग्रहण की और विधिवत चमोली के पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाला। वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी श्रीवास्तव इससे पूर्व बागेश्वर एसपी, एसपी जीआरपी और राज्यपाल उत्तराखंड के एडीसी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर टीम भावना एवं आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी को अभी से इलेक्शन मोड में रहने तथा कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों को गंभीरता से लेने को कहा। उन्होंने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर पारदर्शिता, अनुशासन और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। संवाद
