Auraiya News:नई बहू का वोट अहम, नाम जुड़वाने में जुटे दल – New Brides’ Votes Are Crucial; Political Parties Scramble To Get Them Registered
-शादी होकर ससुराल आईं बहुओं को मतदाता बनाने में जुटी भाजपा और सपा
-पार्टी कार्यकर्ता फॉर्म-6 भरवाने की कवायद कर रहे तेज
प्रवेश चतुर्वेदी
औरैया। जिन घरों में हाल ही में शहनाइयां बजी हैं और नई बहुएं आई हैं, वहां अब चुनावी रंग भी चढ़ने लगा है। ससुराल में नई बहुओं का स्वागत परिवार के लोग तो पारंपरिक रीति-रिवाजों से कर ही रहे हैं। वहीं, प्रशासन से लेकर राजनीतिक पार्टियां उन्हें हाथों-हाथ ले रहे हैं।
पार्टियां अपने वोट बैंक को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता शादी वाले घरों में दस्तक देकर नई बहुओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में जुट गए हैं। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने बताया कि जिस स्थान से युवती की शादी होकर जनपद में आई है, वहां के बीएलओ के माध्यम से उसका पुराना वोट कटवाया जाएगा। इसके बाद नई बहू को ससुराल क्षेत्र के बीएलओ के पास ले जाकर फॉर्म-6 भरवाया जाएगा, इसके बाद उसका वोट यहां सक्रिय हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता लगातार अभियान चलाकर लोगों को नए वोट बनवाने के लिए जागरूक कर रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
नवविवाहिताओं को सूची से जोड़ने की कवायद तेज
जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने महिला मतदाताओं की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नगरीय क्षेत्रों में ऐसी सभी पात्र महिलाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए जिनका नाम अभी तक सूची में सम्मिलित नहीं है। विशेष रूप से नवविवाहित महिलाओं, स्थान परिवर्तन के कारण मतदाता सूची में नाम दर्ज न करा पाने वाली महिलाओं तथा अन्य पात्र महिला मतदाताओं तक अभियान की जानकारी पहुंचाई जाए। साथ ही महिला मतदाताओं के नाम, पता एवं अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संशोधन कराया जाए।
